अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दोहा में अगली बातचीत से पहले किया दावा, बोले- ईरान परमाणु हथियार छोड़ने पर सहमत
वाशिंगटन, 30 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान दोहा में नई बातचीत से पहले परमाणु हथियार न बनाने के लिए सहमत हो गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि अमेरिका डिप्लोमैटिक और मिलिट्री दोनों तरह से आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने जोर दिया कि तेहरान को परमाणु हथियार बनाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
वाहन मरम्मत पर एक प्रेसिडेंशियल मेमोरेंडम पर हस्ताक्षर करने से पहले ओवल ऑफिस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अधिकारी पहले ही कतर के लिए रवाना हो चुके हैं, जहां मंगलवार को निर्धारित वार्ता में वे हिस्सा लेंगे।
ट्रंप ने कहा, "कल दोहा में इस पर एक मीटिंग होगी। देखते हैं यह कैसी रहती है। दोहा में होने वाली मीटिंग शायद जरूरी होगी, शायद नहीं। हम पता लगाएंगे।"
राष्ट्रपति ने बातचीत को लेकर उम्मीद जताते हुए कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम के खिलाफ हाल की सैन्य कार्रवाई के बाद अमेरिका को बढ़त मिली है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "हम मिलिट्री के मामले में जीत रहे हैं। मैं कहूंगा कि मिलिट्री के मामले में यह लगभग जीत ही गया है।" उन्होंने वॉशिंगटन के मकसद को सीधा-सादा बताया।
अमेरिकी प्रेसिडेंट ने कहा, "यह सच में बहुत आसान है; यह ईरान का डीन्यूक्लियराइजेशन है। हम नहीं चाहते कि उनके पास परमाणु हथियार हो और उनके पास परमाणु हथियार नहीं होगा, और वे पूरी ईमानदारी से इस पर सहमत हो गए हैं।"
ट्रंप ने ईरान के कथित समझौते के बारे में डिटेल में नहीं बताया और न ही दोनों पक्षों के बीच हुई किसी समहमति को लेकर विस्तृत जानकारी दी। न ही उन्होंने यह बताया कि दोहा मीटिंग के दौरान किन मुद्दों पर चर्चा होगी।
राष्ट्रपति ने दुनिया भर में तेल की कम कीमतों का भी जिक्र किया और उन्हें ईरान से जुड़े विकास से जोड़ा। उन्होंने कहा, "तेल की कीमतें बहुत कम हो गई हैं। आज हम 69 डॉलर पर पहुंच गए। यह ईरान के डीन्यूक्लियराइजेशन से पहले की तुलना में ज्यादा थी।"
ट्रंप की यह टिप्पणी उस समय आई, जब उन्होंने एक प्रेसिडेंशियल मेमोरेंडम पर हस्ताक्षर किए। इस मेमोरेंडम के तहत एनवायर्नमेंटल प्रोटेक्शन एजेंसी (ईपीए) को निर्देश दिया गया है कि वह उपभोक्ताओं को अपनी गाड़ियों की मरम्मत स्वयं करने में मदद करने के लिए आवश्यक कदम उठाए और आफ्टरमार्केट ऑटोमोबाइल पार्ट्स के बाजार में प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दे।
ईपीए एडमिनिस्ट्रेटर ली जेल्डिन ने कहा कि यह मेमोरेंडम ठीक करने की आजादी का समर्थन करेगा, अमेरिकियों के अपनी गाड़ियों को खुद ठीक करने पर कार्रवाई को रोकेगा और आफ्टरमार्केट पार्ट्स के थर्ड-पार्टी सर्टिफिकेशन पर कैलिफोर्निया की मोनोपॉली को खत्म करेगा।
--आईएएनएस
केके/पीएम

