Samachar Nama
×

ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्धविराम की घोषणा की

वाशिंगटन, 9 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस और यूक्रेन के बीच तीन दिन के युद्धविराम पर सहमति बन गई है। उन्होंने इसे लंबे समय से चल रहे युद्ध को खत्म करने की दिशा में एक अहम कदम बताया।
ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्धविराम की घोषणा की

वाशिंगटन, 9 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस और यूक्रेन के बीच तीन दिन के युद्धविराम पर सहमति बन गई है। उन्होंने इसे लंबे समय से चल रहे युद्ध को खत्म करने की दिशा में एक अहम कदम बताया।

ट्रंप ने एक बयान में कहा, “मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में 9, 10 और 11 मई को तीन दिन का युद्धविराम रहेगा।”

उन्होंने बताया कि यह युद्धविराम रूस के ‘विक्ट्री डे’ समारोह के दौरान होगा। ट्रंप ने कहा कि दूसरे विश्व युद्ध में यूक्रेन की भी बड़ी भूमिका थी। उन्होंने कहा, “रूस में विक्ट्री डे मनाया जाता है, लेकिन यूक्रेन का भी इसमें बड़ा योगदान रहा था, इसलिए यह उनके लिए भी महत्वपूर्ण है।”

ट्रंप के अनुसार, इस समझौते के तहत दोनों देशों के बीच सभी सैन्य कार्रवाई कुछ समय के लिए रोक दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान लड़ाई और हमले बंद रहेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि दोनों देशों ने कैदियों की अदला-बदली पर भी सहमति जताई है। ट्रंप ने कहा कि रूस और यूक्रेन एक-दूसरे के 1,000-1,000 कैदियों को रिहा करेंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि इस पहल की शुरुआत सीधे तौर पर उन्होंने ही की थी। उन्होंने कहा, "यह अनुरोध सीधे मैंने ही किया था।" उन्होंने इस समझौते की शर्तों पर सहमत होने के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदीमीर ज़ेलेंस्की, दोनों की सराहना की।

ट्रंप ने कहा, "मैं राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और राष्ट्रपति वोलोदीमीर ज़ेलेंस्की द्वारा इस समझौते पर सहमति जताने की बहुत सराहना करता हूं।" उन्होंने इस घटनाक्रम को युद्ध में एक बड़ा मोड़ बताया। ट्रंप ने कहा कि उम्मीद है यह लंबे, खतरनाक और विनाशकारी युद्ध के अंत की शुरुआत साबित होगा।

ट्रंप ने कहा, "इस बड़े संघर्ष को खत्म करने के लिए बातचीत जारी है, जो द्वितीय विश्व युद्ध के बाद का सबसे बड़ा संघर्ष है और हम हर गुज़रते दिन के साथ समाधान के और करीब पहुंच रहे हैं।"

अगर यह युद्धविराम पूरी तरह लागू होता है, तो यह युद्ध शुरू होने के बाद लड़ाई में सबसे बड़े विरामों में से एक माना जाएगा। इससे पहले भी कई बार अस्थायी युद्धविराम की कोशिशें हुईं, लेकिन वे ज्यादा समय तक नहीं चल सकीं।

यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब दोनों देशों पर बातचीत के जरिए समाधान निकालने का दबाव बढ़ रहा है, जबकि कई इलाकों में लड़ाई अभी भी जारी है।

रूस में 9 मई को मनाया जाने वाला ‘विक्ट्री डे’ बेहद महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दिवस है। यह दिन दूसरे विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर सोवियत संघ की जीत की याद में मनाया जाता है। वहीं, यूक्रेन भी इस युद्ध की विरासत को याद करता है, हालांकि हाल के वर्षों में उसने सोवियत प्रतीकों से दूरी बनाने की कोशिश की है।

--आईएएनएस

एएस/

Share this story

Tags