फोन टैपिंग टिप्पणी पर विजयन का सतीशन से सवाल, कहा- मामले को तुच्छ बताना उचित नहीं
तिरुवनंतपुरम, 27 नवंबर (आईएएनएस)। केरल के विपक्ष के नेता पिनाराई विजयन ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री वीडी सतीशन से फोन टैपिंग और निगरानी के मामले को हल्के में लेने पर सवाल उठाया। सतीशन ने खुद खुलासा किया था कि उनका फोन भी टैप किया जा रहा है और उन पर लगातार नजर रखी जा रही है।
विजयन ने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों की रक्षा करने के लिए बाध्य मुख्यमंत्री अवैध फोन टैपिंग और निगरानी को तुच्छ समझ रहे हैं।
विजयन ने आगे कहा कि यह विशेष रूप से विडंबनापूर्ण है कि सतीशन ने ये टिप्पणियां तिरुवनंतपुरम में संविधान दिवस कार्यक्रम में कीं, जहां उन्होंने अपने फोन टैप होने और सबकी निगरानी में होने की बात कही। उन्होंने कहा कि संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए जिम्मेदार व्यक्ति द्वारा ही ऐसी असंवैधानिक प्रथाओं को सामान्य बताया जा रहा है।
विजयन ने बताया कि निजता का अधिकार संविधान के तहत प्रत्येक नागरिक को प्रदत्त मौलिक अधिकार है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं और यहां तक कि मुख्यमंत्री के अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के फोन टैप किए जाने के गंभीर आरोप लगे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि गंभीर जांच का आदेश देने के बजाय सतीशन इस मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर राज्य सरकार के मुखिया का फोन भी टैप किया जा रहा है, तो यह सुरक्षा में गंभीर चूक है।
उन्होंने मांग की कि सतीशन इस बात का खुलासा करें कि कथित फोन टैपिंग के पीछे कौन था।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि क्या राज्य में अवैध निगरानी और फोन टैपिंग गृह मंत्री की जानकारी में हो रही थी।
विजयन ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिक स्वतंत्रता को कमजोर करने वाली निगरानी की राजनीति को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने आरोपों की व्यापक जांच की मांग की और सरकार से तथ्यों को जनता के सामने रखने को कहा।
सतीशन ने गुरुवार को यहां संविधान दिवस समारोह में बोलते हुए यह खुलासा किया था।
उन्होंने कहा था कि उनके फोन टैप किए जा रहे थे और उन पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने जानबूझकर फोन पर भ्रामक जानकारी दी ताकि निगरानी करने वाले लोग असमंजस में रहें।
हालांकि, मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें निगरानी किए जाने की कोई चिंता नहीं है।
--आईएएनएस
एमएस/

