त्रिपुरा के सर्वांगीण विकास के लिए सभी समुदाय मिलकर काम करें : सीएम माणिक
अगरतला, 10 नवंबर (आईएएनएस)। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने मंगलवार को राज्य के सर्वांगीण विकास और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इसमें जनजातीय समुदायों सहित सभी समुदायों को शामिल होना चाहिए ताकि जाति, पंथ या समुदाय से ऊपर उठकर सभी का भला हो सके।
पश्चिम त्रिपुरा के खुमुलवंग में त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) के मुख्यालय में नवनिर्वाचित कार्यकारी सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि 2018 में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से त्रिपुरा में जनजातीय और गैर-जनजातीय, दोनों क्षेत्रों में सर्वांगीण विकास हुआ है।
उन्होंने कहा कि संविधान की छठी अनुसूची के तहत 1982 में टीटीएएडीसी का गठन किया गया था। यह जनजातीय समुदायों की संस्कृति, परंपराओं और पहचान को सुरक्षित रखते हुए उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के पर्याप्त अवसर प्रदान करती है।
उन्होंने कहा, "पाइप के जरिए पानी की आपूर्ति का दायरा 2018 में 3 प्रतिशत था जो अब बढ़कर 86 प्रतिशत हो गया है। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्रों में भी काफी विकास हुआ है। हाल ही में राज्य सरकार ने त्रिपुरा में शैक्षणिक स्थिति को सुधारने के उपायों की सिफारिश करने के लिए एक समिति का गठन किया है।"
इस कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) के प्रमुख प्रद्योत बिक्रम माणिक्य देबबर्मा ने भी जाति, पंथ या समुदाय से ऊपर उठकर समावेशी शासन और विकास की आवश्यकता पर जोर दिया।
पूर्व माणिक्य राजवंश के वंशज देबबर्मा ने कहा, "मैं पहले ही घोषणा कर चुका हूं कि अब मैं राजनीति में नहीं हूं लेकिन मैं जनजातीय लोगों के सर्वांगीण विकास के लिए काम करना जारी रखूंगा। हमें आने वाली पीढ़ियों के विकास और कल्याण के लिए मिलकर काम करना चाहिए, चाहे वे जनजातीय हों या गैर-जनजातीय।"
मंगलवार को जिन कार्यकारी सदस्यों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली, उनमें टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) के कमल कलाई, राजेश्वर देबबर्मा, हॉलीवुड चकमा, केनाराम रियांग, देबोजित त्रिपुरा और डेविड मुरासिंह तथा भाजपा के काओनजाओंग मोग शामिल थे।
इससे पहले 6 मई को टीटीएएडीसी के मुख्य कार्यकारी सदस्य (सीईएम) रुनेल देबबर्मा और कार्यकारी सदस्य चंद्र कुमार जमातिया ने पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। आदिवासी-आधारित पार्टी टीएमपी, राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में एक जूनियर सहयोगी है।
12 अप्रैल को हुए टीटीएएडीसी चुनावों में, टीएमपी ने 28 में से 24 सीटें जीतकर शानदार जीत हासिल की। भाजपा केवल चार सीटें ही जीत सकी जबकि सीपीआई (एम) और कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाईं।
भाजपा और उसके दो आदिवासी-आधारित सहयोगी दलों टीएमपी और इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) के बीच चुनावी समझौता नहीं हो सका, जिसके बाद उन्होंने अलग-अलग चुनाव लड़ा।
2021 से, टीएमपी इस रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण परिषद का संचालन कर रही है। इसे त्रिपुरा में राज्य विधानसभा के बाद दूसरा सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक और राजनीतिक संस्थान माना जाता है।
30 सदस्यीय टीटीएएडीसी में 28 निर्वाचित प्रतिनिधि और राज्य सरकार द्वारा नामित दो सदस्य होते हैं। यह परिषद त्रिपुरा के 10,491 वर्ग किलोमीटर भौगोलिक क्षेत्र के लगभग 70 प्रतिशत हिस्से का प्रशासन संभालती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि टीटीएएडीसी में लगातार दो जीत के साथ टीएमपी ने त्रिपुरा के राजनीतिक परिदृश्य में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। त्रिपुरा की 42 लाख (4.2 मिलियन) की आबादी में लगभग एक-तिहाई हिस्सा आदिवासी समुदायों का है, जो राज्य की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
--आईएएनएस
एएसएच/पीएम

