Samachar Nama
×

हैदराबाद में जुम्मात-उल-विदा की नमाज को लेकर ट्रैफिक प्रतिबंध, चारमीनार इलाके में डायवर्जन लागू

हैदराबाद, 19 मार्च (आईएएनएस)। जुम्मात-उल-विदा (रमजान के आखिरी शुक्रवार) की नमाज के मद्देनजर मक्का मस्जिद के आसपास हैदराबाद पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्रतिबंध लागू किए हैं।
हैदराबाद में जुम्मात-उल-विदा की नमाज को लेकर ट्रैफिक प्रतिबंध, चारमीनार इलाके में डायवर्जन लागू

हैदराबाद, 19 मार्च (आईएएनएस)। जुम्मात-उल-विदा (रमजान के आखिरी शुक्रवार) की नमाज के मद्देनजर मक्का मस्जिद के आसपास हैदराबाद पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्रतिबंध लागू किए हैं।

शुक्रवार (20 मार्च) को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चारमीनार के आसपास की सभी सड़कों पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। चारमीनार से मदीना, मुर्गी चौक और शालीबंदा की ओर जाने वाले मुख्य मार्गों को भी बंद किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार चारमीनार जोन में कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। नयापुल की ओर से चारमीनार जाने वाले वाहनों को मदीना जंक्शन से सिटी कॉलेज की ओर मोड़ा जाएगा। वहीं नागुलचिंथा और शालीबंदा क्षेत्र से आने वाले वाहनों को हिम्मतपुरा जंक्शन और वोल्गा होटल टी-जंक्शन से डायवर्ट किया जाएगा।

चौक मैदान से चारमीनार जाने वाला ट्रैफिक कोटला अलीजा या मुगलपुरा की ओर मोड़ा जाएगा, जबकि मूसा बावली क्षेत्र से आने वाले वाहनों को मोतीगली से खिलेवत ग्राउंड, राजेश मेडिकल हॉल, शालीबंदा और फतेह दरवाजा रोड की ओर भेजा जाएगा।

एतेबार चौक से गुलजार हाउस जाने वाले ट्रैफिक को मंडी मीर आलम मार्केट या बीबी बाजार की ओर डायवर्ट किया जाएगा। मिट्टी का शेर से गुलजार हाउस की ओर जाने वाले वाहनों को भी रोका जाएगा और उन्हें घांसी बाजार की ओर मोड़ा जाएगा।

आरटीसी बसों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। चारमीनार जाने वाली बसों को अफजलगंज बस स्टॉप तक ही सीमित किया जाएगा, जबकि अन्य बसों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।

पुलिस ने दक्षिण जोन में छह स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की है, ताकि नमाजियों को सुविधा मिल सके।

इसके अलावा सिकंदराबाद में जामा मस्जिद के पास भी ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए गए हैं। सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक सुभाष रोड को बंद रखा जाएगा और ट्रैफिक को रानीगंज व पैराडाइज जंक्शन की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

हर साल जुम्मात-उल-विदा के मौके पर मक्का मस्जिद, जामा मस्जिद और शहर की अन्य बड़ी मस्जिदों में हजारों लोग नमाज अदा करते हैं।

वहीं, तेलंगाना सरकार ने इस अवसर पर वैकल्पिक अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय तेलंगाना वक्फ बोर्ड के अनुरोध पर लिया गया है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags