असम चुनाव : सीएम हिमंता सरमा समेत कई दिग्गज आज भरेंगे नामांकन पत्र
गुवाहाटी, 20 मार्च (आईएएनएस)। 9 अप्रैल को होने वाले असम विधानसभा चुनाव के लिए कई बड़े नेता ने शुक्रवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल करने जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा जलुकबारी सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इसके लिए वे कामरूप (मेट्रोपॉलिटन) जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंचेंगे। नामांकन से पहले सीएम सरमा खानापारा वेटरनरी फील्ड से हेंगराबाड़ी स्थित डिप्टी कमिश्नर कार्यालय तक करीब 5.6 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे, जिसे उनकी राजनीतिक ताकत के प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर संदेश जारी कर समर्थकों से इस रोड शो में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद उन्हें आगामी चुनाव में और मजबूती देगा।
जलुकबारी सीट 2001 से सरमा का गढ़ रही है और वे यहां से लगातार छठी जीत हासिल करने की कोशिश में हैं। उन्होंने पहली बार 1996 में इस सीट से चुनाव लड़ा था लेकिन हार गए थे। इसके बाद 2001 में उन्होंने पहली जीत दर्ज की और तब से लगातार इस सीट पर काबिज हैं।
वहीं, विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया भी नाजिरा सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। यह सीट उनके परिवार के लिए राजनीतिक रूप से अहम रही है और वे 2011 से यहां का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रिपुन बोरा उत्तर असम की बरचल्ला सीट से चुनाव मैदान में उतरने जा रहे हैं।
क्षेत्रीय दलों की बात करें तो असम जातीय परिषद (एजेपी) के अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई खोवांग सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि राइजोर दल के प्रमुख अखिल गोगोई शिवसागर सीट से नामांकन दाखिल करने की तैयारी में हैं।
नामांकन प्रक्रिया को चुनाव का अहम पड़ाव माना जा रहा है, जहां सभी प्रमुख उम्मीदवार आधिकारिक तौर पर मैदान में उतर रहे हैं।
चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 23 मार्च है। 24 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी जबकि 26 मार्च तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं।
126 सदस्यीय असम विधानसभा के लिए मतदान 9 अप्रैल को होगा और मतगणना 4 मई को की जाएगी।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम

