तमिलनाडु कार्तिगाई दीपम उत्सव: 3,000 मुफ्त दर्शन टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग होगी
तिरुवन्नामलाई, 18 नवंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई में अरुणाचलेश्वर मंदिर में वार्षिक कार्तिगई दीपम उत्सव में भाग लेने वाले भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन ने एक बड़ी घोषणा की है। 24 नवंबर को होने वाले भरणी दीपम और महा दीपम समारोहों के लिए 3,000 मुफ्त प्रवेश टिकट जारी किए जाएंगे।
मंदिर के संयुक्त आयुक्त परनिधरण ने बताया कि मुफ्त टिकटों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण बुधवार सुबह 11 बजे शुरू होगा और शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक चलेगा।
पिछले वर्षों में इन दो समारोहों के लिए 500 रुपये और 600 रुपये कीमत वाले लगभग 1,600 टिकट ऑनलाइन बुकिंग के जरिए उपलब्ध कराए जाते थे। हालांकि, हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती (एचआर एंड सीई) मंत्री रमेश के निर्देशों के बाद मंदिर प्रशासन ने इस साल प्रवेश टिकटों की संख्या काफी बढ़ाने और उन्हें पूरी तरह से मुफ्त उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
कुल 3,000 टिकटों में से 1,000 टिकट 'भरणी दीपम' के लिए और 2,000 टिकट 'महा दीपम' के लिए रखे गए हैं।
'भरणी दीपम' के लिए तिरुवन्नमलाई जिले के भक्तों और अन्य जिलों के भक्तों के लिए 500-500 टिकट आवंटित किए जाएंगे। इसी तरह 'महा दीपम' के लिए भी इन दोनों श्रेणियों में 1,000-1,000 टिकट आरक्षित किए जाएंगे।
जो भक्त समारोह में शामिल होना चाहते हैं, वे निर्धारित पंजीकरण अवधि के दौरान मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने आधार नंबर का उपयोग करके पंजीकरण कर सकते हैं।
भक्तों का चयन 20 नवंबर को शाम 4 बजे एक स्वचालित कंप्यूटरीकृत प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। चयनित आवेदकों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक एसएमएस मिलेगा, जिसमें उनके इलेक्ट्रॉनिक प्रवेश टिकट डाउनलोड करने के लिए एक लिंक होगा। 24 नवंबर को मंदिर के प्रवेश द्वार पर इन इलेक्ट्रॉनिक टिकटों को स्कैन किया जाएगा और आधार कार्ड से पहचान की पुष्टि होने के बाद ही भक्तों को मंदिर में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी।
मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो भक्त 'भरणी दीपम' के लिए पंजीकरण करेंगे, वे 'महा दीपम' के लिए आवेदन करने के पात्र नहीं होंगे और यही नियम 'महा दीपम' के आवेदकों पर भी लागू होगा।
'भरणी दीपम' के लिए आवेदक केवल एक टिकट के लिए पंजीकरण कर सकते हैं जबकि 'महा दीपम' दर्शन के इच्छुक लोग अलग-अलग आधार नंबरों का उपयोग करके दो टिकटों के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। सभी प्रवेश टिकट केवल इसी स्वचालित कंप्यूटरीकृत चयन प्रक्रिया के माध्यम से आवंटित किए जाएंगे।
कार्तिगई दीपम उत्सव तमिलनाडु के सबसे प्रमुख धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें देश भर से लाखों भक्त शामिल होते हैं। अन्नामलाई पहाड़ी के शिखर पर पवित्र 'महा दीपम' प्रज्वलित करना इस उत्सव का समापन है, जो भगवान शिव के अग्नि के अनंत स्तंभ के रूप में प्रकट होने का प्रतीक है।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम

