Samachar Nama
×

तमिलनाडु: अरुणाचलेश्वर मंदिर उत्सव के लिए 3,000 मुफ्त पास, आधार के साथ होगा सत्यापन

तमिलनाडु: अरुणाचलेश्वर मंदिर उत्सव के लिए 3,000 मुफ्त पास, आधार के साथ होगा सत्यापन
तमिलनाडु: अरुणाचलेश्वर मंदिर उत्सव के लिए 3,000 मुफ्त पास, आधार के साथ होगा सत्यापन

चेन्नई, 22 नवंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती (एचआरएंडसीई) विभाग ने 24 नवंबर को तिरुवन्नामलाई के अरुणाचलेश्वर मंदिर में होने वाले भरणी दीपम और महा दीपम समारोहों के लिए 3,000 मुफ्त प्रवेश पास जारी किए हैं। पहली बार, ऑनलाइन सिस्टम के जरिए चुने गए भक्त इन समारोहों में मुफ्त में शामिल हो सकेंगे।

हर समारोह के लिए आधे-आधे पास तिरुवन्नमलाई जिले के निवासियों को दिए गए हैं, और बाकी आधे पास राज्य के अन्य हिस्सों से आने वाले भक्तों को दिए गए हैं। विभाग ने बताया कि पास का यह बराबर बंटवारा इसलिए किया गया है ताकि जिले में रहने वाले लोगों और बाहर से मंदिर आने वाले भक्तों, दोनों को ही इस उत्सव को देखने का समान मौका मिल सके।

भरणी दीपम के लिए 1,000 पासों में से 500 पास जिले के निवासियों को दिए गए हैं। बाकी 500 पास अन्य जिलों से आने वाले भक्तों को मिले हैं। महा दीपम के लिए पास का बड़ा हिस्सा रखा गया है, जिसमें 1,000 पास स्थानीय भक्तों के लिए और 1,000 पास तिरुवन्नमलाई जिले के बाहर से आने वाले भक्तों के लिए हैं।

विभाग ने बताया कि पास पाने वालों को चुनने के लिए एक कंप्यूटराइज्ड ड्रॉ (लॉटरी) का इस्तेमाल किया गया। चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए इस ऑटोमेटेड लॉटरी सिस्टम को लागू किया गया था। पिछले सालों में, इन दोनों समारोहों में ऑनलाइन प्रवेश के लिए भक्तों को पैसे देने पड़ते थे, तब टिकट की कीमतें 500 रुपए और 600 रुपए हुआ करती थीं। चुने गए भक्तों को टेक्स्ट मैसेज भेजे गए हैं, जिनमें उनके पास डाउनलोड करने के लिए लिंक दिए गए हैं।

विभाग ने कहा है कि 24 नवंबर को मंदिर के प्रवेश द्वार पर पास धारकों को सत्यापन (वेरिफिकेशन) के लिए अपना इलेक्ट्रॉनिक पास और आधार कार्ड दोनों दिखाने होंगे। इस वार्षिक उत्सव में पूरे तमिलनाडु से लाखों भक्त शामिल होते हैं।

18 नवंबर को हुई एक समीक्षा बैठक में, एचआरएंडसीई मंत्री रमेश ने तिरुवन्नमलाई के जिला कलेक्टर और उत्सव के दौरान विभिन्न सेवाएं देने वाले विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारियों पर चर्चा की।

उत्सव में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए मंत्री ने सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और पार्किंग इंतजामों की समीक्षा की। सड़क सुरक्षा भी एजेंडे में शामिल थी।

अधिकारियों ने इस बात पर चर्चा की कि तिरुवन्नमलाई में भीड़भाड़ को कैसे कम किया जाए, खासकर तब जब श्रद्धालु मंदिर जा रहे हों और अन्नामलाई पहाड़ी के चारों ओर घूम रहे हों। समीक्षा में तीर्थयात्रियों के लिए पीने के पानी, शौचालय, साफ-सफाई और चिकित्सा सुविधाओं पर भी ध्यान दिया गया।

रमेश ने 'अन्नदानम' (त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं को मुफ्त भोजन परोसने की व्यवस्था) का जायजा लिया। उन्होंने ट्रैफिक, सुरक्षा और तीर्थयात्री सुविधाओं को संभालने वाले विभागों से कहा कि वे अपने काम में आपसी तालमेल रखें।

उनकी प्राथमिकताओं में यह सुनिश्चित करना भी शामिल था कि श्रद्धालु 'गिरिवलम' (अन्नामलाई पहाड़ी के चारों ओर पारंपरिक पैदल यात्रा) बिना किसी परेशानी के पूरी कर सकें, क्योंकि इन आयोजनों के लिए तिरुवन्नमलाई में भारी भीड़ जुटती है।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम

Share this story