Samachar Nama
×

पाकिस्तान अब रिहायशी इलाकों को बना रहा निशाना, कुनार के स्कूल और मस्जिद भी नहीं छोड़े : तालिबान

काबुल, 4 मई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में पाकिस्तान सेना की ओर से किए गए हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 14 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी तालिबान प्रशासन ने सोमवार को दी।
पाकिस्तान अब रिहायशी इलाकों को बना रहा निशाना, कुनार के स्कूल और मस्जिद भी नहीं छोड़े : तालिबान

काबुल, 4 मई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में पाकिस्तान सेना की ओर से किए गए हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 14 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी तालिबान प्रशासन ने सोमवार को दी।

तालिबान के एक जिला अधिकारी के अनुसार, डांगम प्रांत में हुए इन हमलों में दो स्कूल, एक क्लिनिक और दो मस्जिदें नष्ट हो गईं। हालांकि हमले के सटीक समय का खुलासा नहीं किया गया है। अफगानिस्तान इंटरनेशनल ने इसे रिपोर्ट किया।

डांगम के तालिबान जिला गवर्नर मोहम्मद ओमर सादिक ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की सेना अब सीधे हमले करने में सक्षम नहीं रही है और नागरिक ठिकानों को निशाना बना रही है। उन्होंने बताया कि इन हमलों में 80 मवेशियों की भी मौत हुई और कुनार प्रांत में अब तक 12 स्कूल नष्ट किए जा चुके हैं।

इससे पहले 28 अप्रैल को विदेश मंत्रालय ने काबुल स्थित पाकिस्तानी दूतावास के प्रभारी को तलब कर इन हमलों पर विरोध दर्ज कराया था। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर ड्यूरंड रेखा के पास सार्वजनिक ढांचे और कुनार के केंद्र में स्थित विश्वविद्यालय को निशाना बनाने का आरोप लगाया।

विदेश मंत्रालय ने इन हमलों को अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन बताते हुए कड़ी निंदा की। मंत्रालय ने कहा कि ये कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय सिद्धांतों के खिलाफ और उकसावे वाली है।

अफगानिस्तान ने पाकिस्तान से ऐसी गतिविधियों से बाज आने की अपील की है और चेतावनी दी है कि वह अपने देश और नागरिकों की रक्षा का अधिकार सुरक्षित रखता है। साथ ही कहा कि इस तरह की "गैर-जिम्मेदाराना कार्रवाइयों" के गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

पिछले सप्ताह भी कुनार प्रांत के असदाबाद और सरकानो जिले में हुए हमलों में सात लोगों की मौत और 75 लोग घायल हुए थे। खामा प्रेस के अनुसार, हमलों में रिहायशी इलाकों और सैयद जमालुद्दीन अफगान विश्वविद्यालय को भी निशाना बनाया गया, जिसमें कई छात्र और कर्मचारी घायल हुए।

पिछले कुछ महीनों से अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है, और दोनों देशों ने एक-दूसरे पर अस्थिरता फैलाने के आरोप लगाए हैं।

--आईएएनएस

केआर/

Share this story

Tags