Samachar Nama
×

आंध्र प्रदेश के सड़क हादसे में वैन में ट्रक ने मारी टक्कर, तीन श्रद्धालुओं की मौत

आंध्र प्रदेश के सड़क हादसे में वैन में ट्रक ने मारी टक्कर, तीन श्रद्धालुओं की मौत
आंध्र प्रदेश के सड़क हादसे में वैन में ट्रक ने मारी टक्कर, तीन श्रद्धालुओं की मौत

अमरावती/हैदराबाद, 28 जुलाई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में मंगलवार तड़के सड़क हादसे में एक बच्चे सहित तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 13 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह हादसा चेल्लूरु के पास उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी वैन को जोरदार टक्कर मार दी।

पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक वैन को करीब 500 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में चिंतापल्ली रामबाबू उर्फ रमणायडू (50), मज्जी नारायण राव (50) और बी. मोहन नायडू (8) की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, विशाखापत्तनम और विजयनगरम जिलों के तीन परिवारों के कुल 16 लोग वैन में सवार थे। सभी श्रद्धालु पड़ोसी राज्य ओडिशा के रायगड़ा स्थित मज्जी गौरम्मा मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे।

घायलों को तुरंत विजयनगरम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

उधर, आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में भी मंगलवार सुबह एक और सड़क हादसा हो गया। चेन्नई-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग पर बोम्मालुरु के पास एक कार खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में राजमहेंद्रवरम स्थित तिरुमला एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस के प्रबंध निदेशक नुन्ना सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हो गईं। दोनों विजयवाड़ा से राजमहेंद्रवरम जा रहे थे। घायल महिला को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं, तेलंगाना के जगतियाल जिले में भी मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना हुई। मेटपल्ली पुलिस स्टेशन के पास तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम की एक बस चालक का नियंत्रण खोने के बाद सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। यह बस निजामाबाद से वारंगल जा रही थी। हादसे में 12 यात्री घायल हो गए, जिन्हें मेटपल्ली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

Share this story

Tags