अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब में हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास
चंडीगढ़, 21 जून (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब के विभिन्न स्थानों पर हजारों लोगों ने योगाभ्यास किया।
चंडीगढ़ में मुख्य कार्यक्रम सेक्टर-17 स्थित तिरंगा अर्बन पार्क में आयोजित किया गया, जहां सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग योग करने के लिए पहुंचे। पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने भी लोगों के साथ योग कर स्वास्थ्य और फिटनेस का संदेश दिया।
हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों और सरकारी अधिकारियों के साथ योग किया। राज्य के अधिकांश मंत्रियों ने जिला मुख्यालयों पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
पंजाब में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जालंधर के निकट लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भाग लिया।
चंडीगढ़ स्थित पीजीआईएमईआर में सीसीआरवाईएन (योग के माध्यम से मन-शरीर हस्तक्षेप सहयोग केंद्र) द्वारा सामूहिक योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षकों, छात्रों, कर्मचारियों और योग प्रेमियों ने भाग लिया।
योग दिवस की पूर्व संध्या पर चंडीगढ़ की सुखना झील पर आयोजित ‘लिवाथॉन-योग फॉर लाइफ’ कार्यक्रम में 350 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। इस विशेष योग सत्र में स्वास्थ्य विशेषज्ञों, फिटनेस प्रेमियों, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं ने प्रमाणित योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में योगाभ्यास किया।
पंजाब में अमृतसर के अटारी संयुक्त जांच चौकी पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने जीरो लाइन पर योग कर लोगों को स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
चंडीगढ़ में 100 से अधिक स्थानों पर विभिन्न योग संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों ने योग कार्यक्रम आयोजित किए। योगाचार्य बलविंदर कुमार ने पत्रकारों और उनके परिवारों के साथ चंडीगढ़ प्रेस क्लब परिसर में योगाभ्यास किया।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम योग फॉर हेल्दी एजिंग’ (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) रही, जिसका उद्देश्य योग के माध्यम से समग्र स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
--आईएएनएस
एसएके/एएस

