थलापति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' की रिलीज डेट का ऐलान, इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक
मुंबई, 15 जुलाई (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और साउथ सुपरस्टार विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नायकन' की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है। इसे विजय की आखिरी फिल्म माना जा रहा है। रिलीज डेट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के बीच उत्साह साफ देखा जा सकता है।
फिल्म के निर्माताओं ने घोषणा की है कि 'जन नायकन' 23 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बताया जा रहा है कि यह फिल्म विजय के अभिनय करियर को एक यादगार विदाई देगी। विजय ने अपने करियर में कई सुपरहिट फिल्में दी हैं, और उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग सिर्फ साउथ में ही नहीं, बल्कि पूरे देश-विदेश में भी है। यही वजह है कि 'जन नायकन' साल 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है।
फिल्म का निर्देशन एच. विनोथ ने किया है, जबकि इसका निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया है। मेकर्स का दावा है कि फिल्म में दमदार कहानी, बड़े स्तर का निर्माण और शानदार सिनेमाई अनुभव देखने को मिलेगा। पूरी टीम फिल्म को विजय के करियर के अनुरूप एक यादगार फिल्म बनाने में जुटी हुई है।
फिल्म निर्माता वेंकट के. नारायण ने रिलीज डेट की घोषणा के साथ खुशी भी जाहिर की। उन्होंने कहा, "सिनेमा में कुछ पल ऐसे होते हैं, जो इतिहास का हिस्सा बन जाते हैं और 'जन नायकन' भी उन्हीं खास पलों में से एक है। थलापति विजय के बड़े पर्दे पर आखिरी बार नजर आने वाली फिल्म का हिस्सा बनना हमारे लिए सम्मान की बात है। हमें खुशी है कि हम यह फिल्म दुनिया भर में उनके करोड़ों प्रशंसकों तक पहुंचा रहे हैं।"
वेंकट के. नारायण ने आगे कहा, "विजय का सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने एक अभिनेता के रूप में करियर शुरू किया और मेहनत, लोकप्रियता और लोगों से जुड़े रहने के कारण लाखों लोगों के दिलों में जगह बनाई। यही भरोसा और प्यार उन्हें राजनीति तक लेकर आया। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने तक का उनका सफर इस बात का प्रमाण है कि जनता के साथ उनका रिश्ता कितना मजबूत है।"
उन्होंने कहा, "हमें पूरा विश्वास है कि 'जन नायकन' दर्शकों के लिए एक यादगार सिनेमाई अनुभव साबित होगी। यह फिल्म विजय के शानदार फिल्मी करियर को एक भावनात्मक विदाई देगी, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।"
--आईएएनएस
पीके/एबीएम

