Samachar Nama
×

आतंकवाद कभी भी साहस और दृढ़ता से एकजुट राष्ट्र के हौसले को नहीं तोड़ सकता : राष्ट्रपति मुर्मु

आतंकवाद कभी भी साहस और दृढ़ता से एकजुट राष्ट्र के हौसले को नहीं तोड़ सकता : राष्ट्रपति मुर्मु
आतंकवाद कभी भी साहस और दृढ़ता से एकजुट राष्ट्र के हौसले को नहीं तोड़ सकता : राष्ट्रपति मुर्मु

नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के पीड़ितों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि आतंकवाद कभी भी उस राष्ट्र के हौसले को नहीं तोड़ सकता, जो एकजुट होकर खड़ा हो।

राष्ट्रपति मुर्मु ने बयान में कहा कि 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों की इस बरसी पर मैं अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को नमन करती हूं। साथ ही, मैं हमारे बहादुर सैनिकों, पुलिसकर्मियों और उन सभी लोगों के साहस को सलाम करती हूं, जो आतंकवाद के खिलाफ निडर होकर खड़े रहे। उनका बलिदान और निस्वार्थ सेवा हमेशा हमारे देश की आत्मा में बसी रहेगी।

उन्होंने कहा कि आतंकवाद भले ही लोगों की जिंदगी तबाह कर दे लेकिन यह उस देश के हौसले को कभी नहीं तोड़ सकता, जो साहस, करुणा और दृढ़ता के साथ एकजुट हो।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि आज हम पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़े हैं। हम आतंकवाद को हर रूप से खत्म करने और एक अधिक शांतिपूर्ण व मानवीय दुनिया बनाने के अपने सामूहिक संकल्प को दोहराते हैं।

पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 10 आतंकवादियों द्वारा किए गए 26/11 के हमले की रात को शुरू हुए और 29 नवंबर तक चले। मुंबई में कई प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, होटलों और अन्य जगहों को निशाना बनाकर सिलसिलेवार हमले किए गए।

आतंकवादियों ने छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन, लियोपोल्ड कैफे, दो अस्पतालों, नरीमन हाउस, ताजमहल पैलेस और ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटलों सहित कई जगहों पर हमले किए।

चार दिनों तक चले इस हमले में 166 लोगों की जान गई और लगभग 300 लोग घायल हुए। सुरक्षा बलों के ऑपरेशन के दौरान 10 में से 9 आतंकवादी मारे गए जबकि अजमल आमिर कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया। उसे 2010 में मौत की सजा सुनाई गई और 2012 में फांसी दे दी गई।

ये हमले भारत के इतिहास के सबसे काले अध्यायों में से एक हैं और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सुरक्षा बलों द्वारा दिए गए बलिदानों की याद दिलाते हैं।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि 26/11 के कायरतापूर्ण आतंकी हमलों में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करते हुए मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। साथ ही मैं उन बहादुरों को सलाम करता हूं जिन्होंने लोगों की जान बचाने के लिए वीरतापूर्वक लड़ाई लड़ी। मातृभूमि के लिए उनका साहस और सर्वोच्च बलिदान हमेशा हमारे दिलों में अंकित रहेगा।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम

Share this story