Samachar Nama
×

अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस: तेलंगाना के सीएम और राज्यपाल ने 'ड्रग्स से दूर रहने' का किया आह्वान

अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस: तेलंगाना के सीएम और राज्यपाल ने 'ड्रग्स से दूर रहने' का किया आह्वान
अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस: तेलंगाना के सीएम और राज्यपाल ने 'ड्रग्स से दूर रहने' का किया आह्वान

हैदराबाद, 26 जून (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने लोगों से नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।

मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने अपने संदेश में कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सभी को नशे से दूर रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं में सकारात्मक सोच और अच्छे संस्कार विकसित कर नशामुक्त समाज बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का जीवन ही बर्बाद नहीं करता, बल्कि परिवारों को भी तोड़ देता है। इससे समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है और कानून-व्यवस्था की समस्याएं भी पैदा होती हैं। उन्होंने कहा कि नशे की लत और अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए जागरूकता, सतर्कता और सामाजिक जिम्मेदारी बेहद जरूरी है।

उन्होंने सभी नागरिकों से "ड्रग-फ्री तेलंगाना" के लक्ष्य को हासिल करने में सक्रिय भागीदारी और सहयोग की अपील की।

वहीं, राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने भी लोगों से नशे के दुष्प्रभावों को रोकने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।

तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सी.वी. आनंद ने भी अपने संदेश में कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "आइए, हम सभी जागरूकता फैलाएं, नशे की रोकथाम में सहयोग करें और स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा दें। मिलकर हम सुरक्षित और मजबूत तेलंगाना का निर्माण कर सकते हैं।"

डीजीपी ने एक अन्य संदेश में कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज का सामूहिक अभियान है। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने, जागरूकता बढ़ाने और नशामुक्त तेलंगाना के निर्माण में भागीदार बनने की अपील की।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags