Samachar Nama
×

तेलंगाना के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बापू घाट पर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि, डिजिटल म्यूजियम का किया उद्घाटन

तेलंगाना के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बापू घाट पर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि, डिजिटल म्यूजियम का किया उद्घाटन
तेलंगाना के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बापू घाट पर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि, डिजिटल म्यूजियम का किया उद्घाटन

हैदराबाद, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। गांधी जयंती के मौके पर शुक्रवार को तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला और मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद के बापू घाट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने लंगर हौज स्थित बापू घाट पर फूल चढ़ाकर उन्हें याद किया। बता दें कि यहीं मूसी और एसी नदियों के संगम पर महात्मा गांधी की अस्थियां विसर्जित की गई थीं।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने समाधि पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के अध्यक्ष महेश कुमार गौड़, मंत्री पोन्नम प्रभाकर, पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी, मोहम्मद अजहरुद्दीन, राज्यपाल के सलाहकार वी. हनुमंथ राव और अन्य नेताओं ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने इस मौके पर एक डिजिटल म्यूजियम का भी उद्घाटन किया। नेताओं ने प्रार्थना हॉल में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में भी हिस्सा लिया, जहां 76 फीट लंबी कोलाज दीवार लगी है, जिस पर महात्मा गांधी की 400 से ज्यादा तस्वीरें लगी हुई हैं।

इस बीच राज्यपाल ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और करुणा के आदर्श आज भी मानवता को प्रेरित करते हैं, जबकि लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक है।

उन्होंने लोगों से शांति, एकता, देशभक्ति और राष्ट्र सेवा के उनके महान आदर्शों को बनाए रखने और एक विकसित और करुणामय भारत के निर्माण की दिशा में काम करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने महात्मा गांधी को सत्य, शांति और करुणा के मूल्य सिखाने वाली महान आत्मा के रूप में याद किया।

गांधी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने अहिंसा को हथियार बनाकर भारत के स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व किया।

महात्मा गांधी की देश के प्रति अमूल्य सेवाओं को याद करते हुए मुख्यमंत्री रेवंत ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी ने अपने आदर्शों के माध्यम से आत्मनिर्भरता, ग्राम स्वराज और सामाजिक समानता की मजबूत नींव रखी।

उन्होंने कहा कि जन-सरकार गांधी के सिद्धांतों का सख्ती से पालन कर रही है। सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा कि गांधी जी के दिखाए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर तेलंगाना को शांति, सामाजिक न्याय, समानता और विकास की ओर ले जाना ही सरकार का मुख्य लक्ष्य है। महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलना ही महान नेता को सच्ची श्रद्धांजलि है।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

Share this story