Samachar Nama
×

तेलंगाना में भीषण गर्मी, कई जिलों में लू का खतरा, सीएम रेवंत रेड्डी ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की

हैदराबाद, 20 मई (आईएएनएस)। तेलंगाना में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राज्य के कई जिलों में लू का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।
तेलंगाना में भीषण गर्मी, कई जिलों में लू का खतरा, सीएम रेवंत रेड्डी ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की

हैदराबाद, 20 मई (आईएएनएस)। तेलंगाना में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राज्य के कई जिलों में लू का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले पांच दिनों के लिए कई जिलों में गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने खासतौर पर उत्तर तेलंगाना के जिलों में बिगड़ते हालात को देखते हुए अधिकारियों को तुरंत जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पर्याप्त मात्रा में ओआरएस पैकेट उपलब्ध कराए जाएं, पीने के पानी की सप्लाई सुचारु रहे और बिजली आपूर्ति में कोई रुकावट न आए।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, सीएम रेवंत रेड्डी ने स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लू और सनस्ट्रोक से पीड़ित मरीजों को अस्पतालों में बेहतर इलाज मिलना चाहिए। साथ ही शहरी इलाकों में 'चली वेंद्रालु' यानी मुफ्त पेयजल केंद्र स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री ने लोगों से दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की। उन्होंने मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव को निर्देश दिए कि सभी जिलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और जिला कलेक्टरों को समय-समय पर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

आईएमडी द्वारा बुधवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, 21 मई को कोमाराम भीम आसिफाबाद, मंचेरियल, जगतियाल, राजन्ना सिरसिल्ला, करीमनगर, पेद्दापल्ली, भद्राद्री कोठागुडेम, खम्मम, नलगोंडा, सूर्यापेट, महबूबाबाद, वारंगल, हनमकोंडा, जनगांव और यादाद्री भुवनगिरि जिलों में लू चलने की संभावना है।

आदिलाबाद, कोमाराम भीम आसिफाबाद, मंचेरियल, करीमनगर, पेद्दापल्ली, जयशंकर भूपालपल्ली, मुलुगु, भद्राद्री कोठागुडेम, खम्मम, नलगोंडा, सूर्यापेट, महबूबाबाद, वारंगल, हनमकोंडा, जनगांव, नागरकुरनूल और वनपर्थी जिलों में 22 मई को भी हीटवेव की स्थिति बने रहने का पूर्वानुमान है।

इस बीच राज्य के कई हिस्सों में भी बुधवार को भीषण गर्मी रही। तेलंगाना डेवलपमेंट प्लानिंग सोसायटी के मुताबिक, राज्य के 33 में से 30 जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, वहीं 12 जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा पहुंच गया।

जगतियाल जिले के कोरुतला मंडल स्थित अलीयापुर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नलगोंडा, निर्मल और सिद्धिपेट जिलों के तीन स्थानों पर तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मंचेरियल के वेलगनूर और पेद्दापल्ली के एलिगैड में 45.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, आदिलाबाद, कामारेड्डी, करीमनगर, निजामाबाद और राजन्ना सिरसिल्ला जिलों के पांच स्थानों पर पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

--आईएएनएस

वीकेयू/डीकेपी

Share this story

Tags