मनसे चीफ पर रील बनाना पड़ा भारी, इन्फ्लुएंसर को सिर पर चप्पल रख माफी मांगने पर किया मजबूर
पुणे, 21 सितंबर (आईएएनएस)। एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को राज ठाकरे की तस्वीर के सामने झुककर माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया क्योंकि उसने अपनी एक रील में कथित तौर पर राज ठाकरे का मजाक उड़ाया था।
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने इन्फ्लुएंसर महेश मोटे को पकड़ा और उसे राज ठाकरे की तस्वीर के सामने सिर पर चप्पल रखकर और चेहरे पर काली स्याही पोतकर झुकने (माफी मांगने) के लिए मजबूर किया। उसी हालत में उठक-बैठक करते हुए और कैमरे पर माफी मांगते हुए उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया।
वीडियो में इन्फ्लुएंसर उस समय रोते हुए दिखा, जब वह राज ठाकरे और मनसे कार्यकर्ताओं से कथित अपमान के लिए माफी मांग रहा था और उनसे माफ करने और छोड़ देने की गुहार लगा रहा था।
उन्होंने कहा, "मैंने अनजाने में राज साहब के बारे में कुछ गलत कह दिया था और गलती से शुभम दादा और मनसे के अन्य पदाधिकारियों के बारे में भी गलत बातें कह दी थीं। आज मुझे अपनी गलती पर बहुत अफसोस है। इस रील की वजह से ही मैं इस मुश्किल स्थिति में फंस गया हूं। मैं मनसे पार्टी और आप सभी से दिल से माफी मांगता हूं।"
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हरदासपुर विधानसभा क्षेत्र के उप-विभागीय अध्यक्ष शुभम जगदाले ने आरोप लगाया कि इन्फ्लुएंसर ने लगभग 15 दिन पहले पोस्ट किए गए एक वीडियो में मनसे प्रमुख राज ठाकरे के खिलाफ अभद्र और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था।
इससे पहले, इन्फ्लुएंसर केरल में था लेकिन जैसे ही वह पुणे लौटा, मनसे कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी मिली और वे उसे मनसे के जनसंपर्क कार्यालय ले आए, जहां माफी मांगने वाला वीडियो रिकॉर्ड किया गया।
जगदाले ने दावा किया कि युवक को 'महाप्रसाद' दिया गया, जिसका मतलब है कि उसके साथ बुरा बर्ताव किया गया। इस घटना के बारे में मनसे कार्यकर्ता ने कहा कि जो कोई भी राज ठाकरे की छवि खराब करने की कोशिश करेगा, उसका हश्र भी ऐसा ही होगा।
एक मनसे नेता को यह कहते हुए सुना गया, "हम उसे अपने कार्यालय लाए और सम्मानित राज साहब ठाकरे की तस्वीर के सामने उसे झुकाया और माफी की मांग की।"
उन्होंने कहा, "असली मनसे अंदाज में हमने उसे अपनी भाषा में मुंहतोड़ जवाब दिया, जिसे आप 'महाप्रसाद' भी कह सकते हैं। मेरा मानना है कि अगर कोई राज साहब ठाकरे के खिलाफ ऐसी बातें करता है, तो मनसे ठीक इसी तरह जवाब देगी।"
--आईएएनएस
एससीएच/पीएम

