Samachar Nama
×

तमिलिसाई ने तमिलनाडु के सीएम से कांग्रेस के साथ गठबंधन पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया

तमिलिसाई ने तमिलनाडु के सीएम से कांग्रेस के साथ गठबंधन पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया
तमिलिसाई ने तमिलनाडु के सीएम से कांग्रेस के साथ गठबंधन पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया

तिरुचिरापल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु भाजपा की पूर्व अध्यक्ष डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से आग्रह किया है कि वे कांग्रेस के साथ अपनी पार्टी के गठबंधन पर पुनर्विचार करें। उन्होंने आरोप लगाया कि यह राष्ट्रीय पार्टी आगे उन्हें धोखा देगी।

मीडिया से बात करते हुए तमिलिसाई ने तमिलनाडु के विकास और कल्याण के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के साथ सहयोग करने की मुख्यमंत्री विजय की इच्छा का स्वागत किया। उन्होंने इसे पिछली डीएमके सरकार के रुख से एक अलग कदम बताया। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस के साथ अपना राजनीतिक गठबंधन जारी रखने के 'तमिलगा वेत्री कझगम' (टीवीके) के फैसले पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन मुख्यमंत्री विजय के दीर्घकालिक राजनीतिक हितों के लिए फायदेमंद नहीं होगा।

भाजपा और डीएमके के बीच किसी तरह की गुप्त समझ होने की अटकलों को खारिज करते हुए, तमिलिसाई ने कहा कि उनकी पार्टी का किसी भी अन्य राजनीतिक संगठन के साथ कोई गुप्त गठबंधन नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा, डीएमके और टीवीके दोनों की विरोधी बनी हुई है।

विजय सरकार के कामकाज की आलोचना करते हुए, उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने कार्यकाल के पहले छह महीनों में कोई उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने में विफल रही है।

सरकार के प्रदर्शन पर तंज कसते हुए उन्होंने पूछा कि जिस उत्तर-पुस्तिका में कुछ लिखा ही न गया हो, उसे अंक कैसे दिए जा सकते हैं।

तिरुपरनकुंद्रम में पारंपरिक दीपक जलाने को लेकर हुए विवाद का जिक्र करते हुए, तमिलिसाई ने इस रस्म का विरोध करने के लिए मंत्री निर्मल कुमार की आलोचना की।

उन्होंने उच्च न्यायालय द्वारा दीपक जलाने की अनुमति दिए जाने के बाद सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप पर असंतोष जताया और उम्मीद जताई कि न्यायिक फैसला उनके पक्ष में आएगा।

भाजपा नेता ने उन खबरों पर भी चिंता जताई, जिनमें कहा गया है कि 'तमिलनाडु मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन' को टीएएसएमएसी शराब की बोतलों के प्रबंधन में शामिल किया जाएगा।

तिरुचेंदुर सूरसमहारम उत्सव के संदर्भ में मुख्यमंत्री विजय द्वारा 'अरोहारा' का इस्तेमाल किए जाने पर आपत्ति जताते हुए, तमिलिसाई ने कहा कि भगवान मुरुगन के भक्त इस तरह के राजनीतिक हथकंडों को स्वीकार नहीं करेंगे।

कावेरी जल बंटवारे के विवाद पर उन्होंने कहा कि कर्नाटक और तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों को तमिलनाडु के वैध अधिकारों को स्वीकार करना चाहिए।

उन्होंने अंतरराज्यीय नदी जल बंटवारे में भाजपा द्वारा भेदभाव किए जाने के आरोपों को खारिज किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु के हितों के खिलाफ कोई काम नहीं करेंगे।

तमिलिसाई ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से जुड़े एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विजय को उचित महत्व नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इस कार्यक्रम का बहिष्कार कर देना चाहिए था, न कि उस व्यवहार को स्वीकार करना चाहिए था जिसे उन्होंने 'अपमानजनक' बताया।

--आईएएनएस

डीकेएम/एएस

Share this story