Samachar Nama
×

तमिलनाडु सरकार प्रस्तावित रामेश्वरम एयरपोर्ट के लिए केंद्र से मांगेगी मंजूरी

तमिलनाडु सरकार प्रस्तावित रामेश्वरम एयरपोर्ट के लिए केंद्र से मांगेगी मंजूरी
तमिलनाडु सरकार प्रस्तावित रामेश्वरम एयरपोर्ट के लिए केंद्र से मांगेगी मंजूरी

चेन्नई, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु सरकार रामनाथपुरम जिले के मणिकनेरी में प्रस्तावित रामेश्वरम हवाई अड्डे के लिए केंद्र की मंजूरी लेने की तैयारी कर रही है। इस प्रोजेक्ट का मकसद रामेश्वरम तक पहुंच को बेहतर बनाना और पर्यटन व क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

तमिलनाडु इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (टीआईडीसीओ) ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से साइट क्लीयरेंस के लिए आवेदन करने का फैसला किया है। यह किसी चुनी हुई जगह पर एयरपोर्ट बनाने के लिए जरूरी शुरुआती मंजूरी है।

प्रस्तावित एयरपोर्ट मनिकनेरी में लगभग 600 एकड़ जमीन पर बनाने की योजना है। एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) की टीम के निरीक्षण के बाद इस साल जनवरी में इस जगह को फाइनल किया गया था।

रामेश्वरम में रामनाथस्वामी मंदिर, धनुषकोडी, अरिचलमुनई और पूर्व राष्ट्रपति एपीजे. अब्दुल कलाम के स्मारक को देखने के लिए पर्यटक और तीर्थयात्री आते हैं।

हालांकि, अभी यहां पहुंचने के लिए लोग सड़क और रेल परिवहन पर निर्भर हैं। राज्य सरकार ने कनेक्टिविटी बेहतर करने, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और रामेश्वरम व उसके आस-पास पर्यटन स्थलों के विकास में मदद करने के मकसद से एयरपोर्ट का प्रस्ताव रखा।

शुरुआत में रामनाथपुरम जिले में पांच जगहों पर विचार किया गया था, जिनमें पलंकुलम, देवीपट्टिनम, कुंबरम, कलारी और मनिकनेरी शामिल थे। शुरुआती चयन प्रक्रिया के बाद कुंबरम और मनिकनेरी को शॉर्टलिस्ट किया गया।

राज्य सरकार के अनुरोध पर एएआई की एक टीम ने दोनों जगहों का मुआयना किया ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे कितनी उपयुक्त हैं। इस प्रक्रिया के आधार पर प्रस्तावित एयरपोर्ट के लिए मणिकनेरी को चुना गया।

सरकार ने रामेश्वरम एयरपोर्ट के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने की मंजूरी दे दी है और जमीन अधिग्रहण का काम चल रहा है।

टीआईडीसीओ का नागरिक उड्डयन मंत्रालय को दिया जाने वाला प्रस्तावित आवेदन, प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी मंजूरी पाने की दिशा में अगला कदम है। प्रस्तावित एयरपोर्ट का मकसद रामेश्वरम जाने वाले लोगों को ट्रांसपोर्ट का एक अतिरिक्त विकल्प देना और आस-पास की जगहों तक पहुंच को बेहतर बनाना है।

राज्य सरकार ने हाल ही में कांचीपुरम जिले के परंदूर में चेन्नई के दूसरे एयरपोर्ट के प्रस्ताव को रद्द कर दिया था। इस प्रोजेक्ट की घोषणा पिछली डीएमके सरकार के समय की गई थी। परंदूर प्रस्ताव रद्द होने के बावजूद सरकार ने मणिकनेरी में एयरपोर्ट प्रोजेक्ट पर काम जारी रखने की मंजूरी दे दी है। साइट क्लीयरेंस इस प्रोजेक्ट के लिए शुरुआती रेगुलेटरी पड़ाव होगा। यह आवेदन चुनी गई जगह की मंजूरी से जुड़ा है।

--आईएएनएस

ओपी/एबीएम

Share this story