Samachar Nama
×

तमिलनाडु में बिजली मीटर रीडिंग के लिए होगी कॉन्ट्रैक्ट पर भर्ती, गलत बिलों पर लगेगी रोक

तमिलनाडु में बिजली मीटर रीडिंग के लिए होगी कॉन्ट्रैक्ट पर भर्ती, गलत बिलों पर लगेगी रोक
तमिलनाडु में बिजली मीटर रीडिंग के लिए होगी कॉन्ट्रैक्ट पर भर्ती, गलत बिलों पर लगेगी रोक

चेन्नई, 26 सितंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन (टीएनपीडीसीएल) अक्टूबर से बिजली मीटर की रीडिंग लेने के लिए कॉन्ट्रैक्ट पर कर्मचारियों की भर्ती शुरू करेगा। इसका मकसद मीटर रीडिंग लेने वाले कर्मचारियों की भारी कमी को दूर करना और गलत या ज्यादा बिल आने की शिकायतों को कम करना है।

इस यूटिलिटी के पास पूरे राज्य में लगभग 3.5 करोड़ लो-टेंशन सर्विस कनेक्शन हैं, जिनमें 2.5 करोड़ घरेलू उपभोक्ता शामिल हैं।

खपत का हिसाब लगाने और बिल बनाने के लिए हर दो महीने में मीटर रीडिंग ली जाती है। 7,565 असेसर्स (आकलन करने वालों) की मंजूर संख्या के मुकाबले अभी सिर्फ 3,063 ही उपलब्ध हैं। बाकी लगभग 60 प्रतिशत (4,502 पद) खाली पड़े हैं।

अभी तक विभाग रिटायर कर्मचारियों की मदद से घर-घर जाकर बिजली मीटर की रीडिंग लेता था, लेकिन समय पर और सही रीडिंग नहीं हो पाने से कई उपभोक्ताओं ने गलत या ज्यादा बिजली बिल आने की शिकायत की थी।

ऐसे में अब रीडिंग को समय पर पूरा करने और उनकी सटीकता (एक्यूरेसी) को बेहतर बनाने के लिए कॉन्ट्रैक्टरों के जरिए अतिरिक्त कर्मचारी लाने का फैसला किया गया है।

फील्ड इंजीनियरों को भेजे गए एक सर्कुलर के तहत, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर छह महीने की अवधि के लिए जरूरी मैनपावर (कर्मचारियों) के लिए लिमिटेड टेंडर मंगा सकते हैं।

प्रस्तावों की जांच संबंधित सुपरिटेंडिंग इंजीनियर करेंगे। कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों के पास डिग्री या डिप्लोमा कोर्स पूरा किया हुआ होना चाहिए।

नई व्यवस्था के तहत ठेके पर नियुक्त कर्मचारी घर-घर जाकर मीटर रीडिंग लेंगे। रीडिंग मोबाइल ऐप, ब्लूटूथ और ऑप्टिकल प्रोब की मदद से दर्ज की जाएगी।

चेन्नई में एक कर्मचारी को रोज कम से कम 250 कनेक्शन और अन्य शहरों में 220 कनेक्शन की रीडिंग लेनी होगी। कर्मचारियों के पास डिग्री या डिप्लोमा होना जरूरी होगा। छह महीने के लिए कॉन्ट्रैक्ट दिया जाएगा।

इन कदमों का मकसद यह पक्का करना है कि रीडिंग गलत अकाउंट में दर्ज न हो या बिलिंग अवधि के बाद उसमें देरी न हो।

यह कदम अनियमित आकलन और ऐसे बिलों के बारे में मिली शिकायतों के बाद उठाया गया है, जिनके बारे में उपभोक्ताओं का कहना है कि वे उनके असली इस्तेमाल को नहीं दिखाते हैं।

अगर रीडिंग छूट जाती है या गलत होती है तो बाद के बिलिंग साइकल में खपत को एडजस्ट करते समय कन्फ्यूजन भी पैदा हो सकता है।

यदि सेवानिवृत्त कर्मचारी का काम संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो उन्हें प्रति रीडिंग 5 रुपए मानदेय पर दी जा रही जिम्मेदारी से हटाया जा सकता है।

कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम लागू करने के साथ ही टीएनपीडीसीएल अपने नियमित मीटर रीडिंग कर्मचारियों पर पड़ रहे काम के बोझ की भी समीक्षा करेगा।

नई व्यवस्था में ठेकेदारों की जिम्मेदारी होगी कि वे योग्य मीटर रीडर उपलब्ध कराएं और तय समय पर मीटर रीडिंग का काम पूरा करें।

छह महीने की कॉन्ट्रैक्ट अवधि के दौरान फील्ड इंजीनियर इस व्यवस्था की निगरानी करेंगे। साथ ही, बिजली निगम यह भी आकलन करेगा कि अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती से पूरे राज्य में बिलिंग प्रक्रिया में कितना सुधार आता है।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी

Share this story

Tags