अफगानिस्तान में पाकिस्तानी हवाई हमलों की तालिबान ने की निंदा, जवाबी कार्रवाई की दी चेतावनी
काबुल, 21 सितंबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के कुनार और पक्तिका प्रांतों में सोमवार सुबह हुए पाकिस्तानी हवाई हमलों की तालिबान ने कड़ी निंदा की। इन हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई। तालिबान के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने चेतावनी देते हुए कहा कि इन हमलों का 'उचित जवाब' दिया जाएगा।
मुजाहिद ने कहा कि सोमवार को पाकिस्तान की ओर से किए गए हमलों में अफगान इलाके और आम नागरिकों को निशाना बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि कुनार में पाकिस्तानी बमबारी में एक महिला और दो पुरुषों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं और दो पुरुष घायल हुए।
उन्होंने कहा कि पक्तिका में हुए हवाई हमले में एक स्थानीय दुकान और एक घर को निशाना बनाया गया। मुजाहिद ने पाकिस्तानी सैन्य नेतृत्व पर आरोप लगाया कि वह अपने देश के अंदर सुरक्षा से जुड़ी नाकामियों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए अफगानिस्तान में हमले कर रहा है।
मुजाहिद ने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "अपराध और हमला: पिछली रात पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान के कुनार और पक्तिका प्रांतों में आम नागरिकों के इलाकों पर बमबारी की। कुनार में एक महिला और दो पुरुष मारे गए और दो महिलाएं तथा दो पुरुष घायल हुए। ये सभी स्थानीय नागरिक हैं। पक्तिका में एक घर और एक स्थानीय दुकान पर बमबारी की गई, लेकिन वहां किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।"
उन्होंने कहा कि हम इस हमले की निंदा करते हैं और इसे पहले किए गए अपराधों की एक और कड़ी मानते हैं। पाकिस्तान का सैन्य नेतृत्व अपने देश की अंदरूनी सुरक्षा नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए एक बार फिर इस तरह की कार्रवाई कर रहा है। अफगान इस हमले का उचित जवाब देगा।"
ये ताजा हमले ऐसे समय हुए हैं, जब पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। दोनों पक्षों के बीच कई बार गोलीबारी हो चुकी है और आम नागरिकों के हताहत होने को लेकर चिंता भी बढ़ी है।
पाकिस्तान बार-बार तालिबान पर आरोप लगाता रहा है कि वह हथियारबंद समूहों, खासकर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) को अफगान जमीन से गतिविधियां चलाने से रोकने में नाकाम रहा है। हालांकि, अफगान अधिकारी इस आरोप को खारिज करते रहे हैं।
'संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन इन अफगानिस्तान' (यूनामा) ने 28 जुलाई को कहा था कि एक अप्रैल से 30 जून के बीच अफगानिस्तान में सीमा पार से हुई हथियारबंद हिंसा में 57 लोगों की मौत हुई और 342 अन्य घायल हुए।
अपनी रिपोर्ट में यूनामा ने कहा कि हवाई हमले और जमीन पर हुई लड़ाई आम नागरिकों के हताहत होने की मुख्य वजह थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान सीमा पार से हुई हिंसा में दर्ज सभी नागरिक हताहतों के लिए पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को जिम्मेदार ठहराया गया।
अप्रैल से जून के बीच अफगानिस्तान में नागरिक हताहतों पर यूनामा के अपडेट के मुताबिक, 26 बच्चों की मौत हुई और 86 बच्चे घायल हुए। वहीं, छह महिलाओं की मौत हुई और 34 महिलाएं घायल हुईं।
--आईएएनएस
एवाई/एएस

