स्विगी इंस्टामार्ट में बड़ी छंटनी, पुनर्गठन के तहत करीब 340 कर्मचारियों की गई नौकरी
नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। स्विगी की क्विक कॉमर्स इकाई इंस्टामार्ट ने पुनर्गठन प्रक्रिया के तहत लगभग 340 कर्मचारियों की छंटनी की है। कंपनी परिचालन दक्षता बढ़ाने, बढ़ती प्रतिस्पर्धा से निपटने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित कार्यप्रणालियों को अपनाने की दिशा में अपने संगठनात्मक ढांचे में बदलाव कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, छंटनी का असर मुख्य रूप से कॉर्पोरेट और सपोर्ट फंक्शंस पर पड़ा है। हालांकि कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों या विभागों का विस्तृत विवरण सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कटौती मुख्य रूप से फ्रंटलाइन ऑपरेशंस के बाहर की भूमिकाओं में की गई है।
मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि इंस्टामार्ट अपने अगले विकास चरण की तैयारी में संगठन का पुनर्गठन कर रही है, जिसमें जनरेटिव एआई (जेन एआई) के बढ़ते उपयोग, नई कार्यप्रणालियों और संगठनात्मक संरचना में बदलाव को ध्यान में रखा गया है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य कार्यों की पुनरावृत्ति कम करना, जवाबदेही बढ़ाना और निर्णय लेने की गति को तेज करना है।
यह पुनर्गठन नंदिता सिन्हा के नेतृत्व में किया जा रहा है, जिन्होंने 3 अगस्त को इंस्टामार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का पद संभाला था। उन्होंने अमितेश झा का स्थान लिया था। इससे पहले नंदिता सिन्हा मिंत्रा का नेतृत्व कर चुकी हैं।
कर्मचारियों की छंटनी को लेकर भेजे गए सवालों पर स्विगी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई।
वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो इंस्टामार्ट अभी भी लाभप्रदता की चुनौतियों का सामना कर रहा है। सितंबर तिमाही में कंपनी का समायोजित ईबीआईटीडीए घाटा बढ़कर 895 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछली तिमाही में 778 करोड़ रुपए था।
हालांकि परिचालन स्तर पर कुछ सुधार भी दर्ज किए गए। कंपनी का समायोजित ईबीआईटीडीए मार्जिन जून तिमाही के -9.8 प्रतिशत से सुधरकर -9.7 प्रतिशत रहा।
घाटे के बावजूद, कारोबार में वृद्धि जारी रही। सितंबर तिमाही में इंस्टामार्ट का नेट ऑर्डर वैल्यू (एनओवी) 13.4 प्रतिशत बढ़कर 6,594 करोड़ रुपए पहुंच गया। इसी अवधि में कंपनी ने 69 नए डार्क स्टोर जोड़े, जिससे उसका कुल नेटवर्क बढ़कर 1,240 स्थानों तक पहुंच गया।
यह छंटनी कंपनी की व्यापक व्यावसायिक रणनीति में किए जा रहे बदलावों का भी हिस्सा मानी जा रही है। हाल के महीनों में इंस्टामार्ट ने अपने प्राइवेट लेबल उत्पादों पर फोकस बढ़ाया है। कंपनी ने स्नैक्स और पेय पदार्थों के लिए नॉइज तथा ताजे फल एवं सब्जियों के लिए नेक्टर जैसे ब्रांड लॉन्च किए हैं, जिनका उद्देश्य मार्जिन सुधारना और ग्राहकों की वफादारी बढ़ाना है।
स्विगी के सीईओ श्रीहर्ष मजेटी ने बताया कि कंपनी उत्पादों की संख्या बढ़ाने के बजाय बेहतर चयन पर ध्यान देना चाहती है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अधिक विकल्प देने के बजाय बेहतर खरीद निर्णय लेने में मदद करना अधिक महत्वपूर्ण है।
--आईएएनएस
डीबीपी

