Samachar Nama
×

सीएम सुवेंदु अधिकारी का बड़ा संकेत, 'मिस्टर नेफ्यू' की संपत्तियों की जांच की चेतावनी

कोलकाता, 16 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को बिना नाम लिए तृणमूल कांग्रेस के एक शीर्ष नेता से जुड़ी कथित कंपनी की संपत्तियों की जांच शुरू करने का संकेत दिया।
सीएम सुवेंदु अधिकारी का बड़ा संकेत, 'मिस्टर नेफ्यू' की संपत्तियों की जांच की चेतावनी

कोलकाता, 16 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को बिना नाम लिए तृणमूल कांग्रेस के एक शीर्ष नेता से जुड़ी कथित कंपनी की संपत्तियों की जांच शुरू करने का संकेत दिया।

दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर उपखंड के अंतर्गत फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने उस नेता को बार-बार “मिस्टर नेफ्यू” कहकर संबोधित किया। यहां 21 मई को पुनर्मतदान होना है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मिस्टर नेफ्यू, मैं कल ही कोलकाता नगर निगम से आपकी कंपनी की संपत्तियों की पूरी सूची लेकर आया हूं। कंपनी की कोलकाता में 24 संपत्तियां हैं। दक्षिण 24 परगना के आमतला में महल जैसा कार्यालय भी है।”

सभा को संबोधित करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने अगस्त 2024 के आरजी कर रेप और मर्डर मामले में पूर्व कोलकाता पुलिस आयुक्त विनीत गोयल तथा पूर्व डीसी इंदिरा मुखर्जी और अभिषेक गुप्ता को निलंबित किए जाने के अपने शुक्रवार के ऐलान का भी ज़िक्र किया।

उन्होंने कहा, “इस मामले में पहले ही तीन आईपीएस अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो चुकी है। जब जांच एजेंसियां उनके कॉल रिकॉर्ड और व्हाट्सऐप चैट सामने लाएंगी, तब पिछली सरकार की असल करतूतें उजागर होंगी। लोगों को पता चलेगा कि पिछली सरकार कितनी नीचे तक गिर गई थी।”

मुख्यमंत्री ने फाल्टा पुनर्मतदान में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान को भी चेतावनी दी।

उन्होंने कहा, “2021 के चुनाव बाद हुई हिंसा के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने हिंसा में शामिल 199 आरोपियों को कुख्यात अपराधी घोषित किया था। उनमें एक जहांगीर भी था। पुनर्मतदान खत्म होने दीजिए, उसके पुराने कृत्यों के लिए कानून के तहत उचित कार्रवाई सुनिश्चित करूंगा।”

अधकारी ने यह भी कहा कि उन्होंने दक्षिण 24 परगना पुलिस को 2021 की चुनाव बाद हिंसा के पीड़ितों और हिंसा फैलाने वालों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा, “एक भी गुंडा घर में नहीं रहेगा। महिलाओं पर अत्याचार करने वाले भी बख्शे नहीं जाएंगे।”

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags