Samachar Nama
×

कश्मीरा शाह को बेटे ने दिया जन्मदिन से पहले खास तोहफा, सुनीता आहूजा ने किया प्यार भरा कमेंट

कश्मीरा शाह को बेटे ने दिया जन्मदिन से पहले खास तोहफा, सुनीता आहूजा ने किया प्यार भरा कमेंट
कश्मीरा शाह को बेटे ने दिया जन्मदिन से पहले खास तोहफा, सुनीता आहूजा ने किया प्यार भरा कमेंट

मुंबई, 26 नवंबर (आईएएनएस)। टीवी और बॉलीवुड अभिनेत्री कश्मीरा शाह इन दिनों अपने परिवार के साथ बिताए खास पलों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उनके 9 साल के बेटे ने उन्हें जन्मदिन से पहले एक प्यारा सा तोहफा दिया, जिसे देखकर कश्मीरा भावुक हो गईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस खास पल की झलकियां शेयर कीं। उनकी इस पोस्ट पर गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने भी प्यार भरा कमेंट किया।

कश्मीरा ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए, जिनमें उनका बेटा उन्हें खूबसूरत चूड़ी देता नजर आ रहा है। बेटे से मिला यह तोहफा उनके लिए बेहद खास था। कश्मीरा ने पोस्ट में बताया कि वह इस चूड़ी को हमेशा अपने दिल के करीब रखेंगी।

उन्होंने लिखा, ''इस छोटी सी चूड़ी को अपनी कलाई में पहनते ही मेरी आंखों में आंसू आ गए। मेरा प्यारा 9 साल का बेटा मेरे पास आया और उसने मुझे जन्मदिन से पहले यह तोहफा दिया। उसका प्यार से दिया यह छोटा सा तोहफा मेरे दिल को छू गया। मैंने अब तक जितने भी गहने पहने हैं, उनमें से कोई भी मेरे बेटे के प्यार से चुने गए इस तोहफे की बराबरी नहीं कर सकता। उसकी मां बनकर मैं खुद को बेहद खुशकिस्मत मानती हूं।''

कश्मीरा की इस पोस्ट पर सुनीता आहूजा ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कमेंट करते हुए लिखा, ''बहुत ही प्यारा, मेरा लाल।'' इसके साथ उन्होंने कुछ इमोजी भी शेयर किए।

बता दें कि लंबे समय तक कश्मीरा और सुनीता के रिश्तों में दूरी बनी थी लेकिन अब मिठास नजर आने लगी है। कश्मीरा कई मौकों पर सुनीता के समर्थन में भी सामने आई हैं। सितंबर में गोविंदा की कथित गर्लफ्रेंड और अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार ने सुनीता को 'चालाक महिला' बताया था।

उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके गोविंदा की जिंदगी में आने से पहले ही गोविंदा और सुनीता के बीच परेशानियां थीं। इस पर कश्मीरा ने सवाल उठाया कि आखिर किसी को-स्टार को दूसरे कलाकार की निजी जिंदगी की इतनी अंदरूनी बातें कैसे पता हो सकती हैं।

कश्मीरा ने अपनी पोस्ट में लिखा था, ''अपने करियर के 30 साल और 50 फिल्मों के दौरान मेरे किसी भी को-स्टार को मेरी निजी जिंदगी या भावनाओं के बारे में कुछ भी पता नहीं था। मैंने अपनी हर बात सिर्फ उसी इंसान को बताई, जिससे मैंने शादी की है। काम के दौरान ऐसा रिश्ता मैंने कभी नहीं देखा, जहां कोई सहकर्मी किसी की निजी जिंदगी की इतनी गहरी बातें जानता हो।''

बता दें कि कश्मीरा शाह की शादी गोविंदा के भांजे और अभिनेता कृष्णा अभिषेक से हुई है। वहीं, सुनीता आहूजा रिश्ते में कृष्णा की मामी लगती हैं।

--आईएएनएस

पीके/पीएम

Share this story