पश्चिम बंगाल के बीरभूम में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में विस्फोटक के साथ दो गिरफ्तार
कोलकाता, 5 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीरभूम जिले के मुराराई थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरोआ गोपालपुर गांव में एक अवैध ठिकाने पर छापेमारी कर भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त किए हैं। इस मामले में एसटीएफ ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ के एक अधिकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान राजग्राम के मोहम्मद रजा शेख उर्फ गुडा और सूरी के तिलपारा के मुकेश सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि जब्त की गई सामग्री में 1,150 जिलेटिन स्टिक, 989 डेटोनेटर और 12,000 मीटर डेटोनेटिंग कॉर्ड शामिल हैं।
एसटीएफ अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है। पश्चिम बंगाल एसटीएफ का एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) भी इन विस्फोटकों की बरामदगी के मामले की जांच कर रहा है।
इस बीच, एक अलग अभियान में पश्चिम बर्धमान जिले के जामुड़िया से कुल 21 अवैध हथियार (6 लंबी बंदूकें, चार 7एमएम पिस्तौल, 11 पाइप गन) और 65 राउंड कारतूस (47 राउंड 8एमएम और 18 राउंड 7.65एमएम) बरामद किए गए। इस घटना के सिलसिले में एस.के. शाहजहां नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
एसटीएफ अधिकारी के अनुसार, यह व्यक्ति एक पुराना अपराधी है, जो अवैध कोयला व्यापार में शामिल रहा है। अधिकारी ने बताया, "ये बरामदगी मंगलवार और गुरुवार को आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत पांडबेश्वर थाना क्षेत्र से की गई।
यह कार्रवाई उन पिछली गिरफ्तारियों की कड़ी है, जिनमें खैरुल आलम को 2 अवैध हथियारों के साथ और मोहम्मद शमशेर को 15 अवैध हथियारों के साथ पकड़ा गया था। इस मामले में अब तक कुल 38 हथियार और 122 राउंड कारतूस जब्त किए जा चुके हैं। आगे की जांच और छापेमारी जारी है।"
बता दें कि सितंबर में पश्चिम बंगाल पुलिस की एसटीएफ ने मुर्शिदाबाद जिले के रघुनाथगंज थाना क्षेत्र के जोतकमल इलाके में एक अभियान के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया था और लगभग 1 किलो हेरोइन जब्त की थी।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान 60 वर्षीय साधना हलदर और तैबुर रहमान के रूप में हुई थी। वे मुर्शिदाबाद के लालगोला इलाके के रहने वाले हैं। उनके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट, 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

