Samachar Nama
×

दक्षिण कोरिया: घट रही राष्ट्रपति ली जे म्युंग की लोकप्रियता, पद संभालने के बाद सबसे निचले स्तर पर पहुंची

दक्षिण कोरिया: घट रही राष्ट्रपति ली जे म्युंग की लोकप्रियता, पद संभालने के बाद सबसे निचले स्तर पर पहुंची
दक्षिण कोरिया: घट रही राष्ट्रपति ली जे म्युंग की लोकप्रियता, पद संभालने के बाद सबसे निचले स्तर पर पहुंची

सोल, 13 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग की लोकप्रियता उनके पद संभालने के बाद से सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। यह जानकारी गुरुवार को जारी एक सर्वे में सामने आई।

योनहाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार से बुधवार तक किए गए 'नेशनल बैरोमीटर सर्वे' में ली की अप्रूवल रेटिंग 49 प्रतिशत रही। यह दो हफ्ते पहले हुए सर्वे की तुलना में चार प्रतिशत अंक कम है।

यह पहली बार है जब इस द्वि-साप्ताहिक सर्वे में उनकी लोकप्रियता 50 प्रतिशत से नीचे गई है। वहीं, उनके कामकाज को लेकर असंतोष 6 प्रतिशत अंक बढ़कर 43 प्रतिशत हो गया।

सरकार की रियल एस्टेट नीतियों को लेकर 56 प्रतिशत लोगों ने कहा कि मौजूदा सरकार अच्छा काम नहीं कर रही है, जबकि 34 प्रतिशत लोगों ने इसके काम को सकारात्मक बताया।

सर्वे में यह भी सामने आया कि सरकार की ओर से हाल ही में पेश की गई प्रॉपर्टी टैक्स संशोधन योजना का 46 प्रतिशत लोगों ने समर्थन किया, जबकि 41 प्रतिशत लोग इसके खिलाफ थे।

जब लोगों से इस योजना के असर के बारे में पूछा गया, तो 55 प्रतिशत का मानना था कि इससे 'जिओन्से' और मासिक किराए की कीमतें बढ़ जाएंगी। 27 प्रतिशत लोगों को लगा कि इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा, जबकि 8 प्रतिशत ने किराए में कमी आने की उम्मीद जताई। 'जिओन्से' दक्षिण कोरिया की एक खास किराया व्यवस्था है, जिसमें किरायेदार शुरुआत में बड़ी रकम जमा करते हैं, जो लीज खत्म होने पर पूरी वापस कर दी जाती है।

इसी सर्वे में सत्तारूढ़ डेमोक्रेटिक पार्टी (डीपी) का समर्थन 40 प्रतिशत पर स्थिर रहा, जबकि मुख्य विपक्षी पीपल पावर पार्टी (पीपीपी) का समर्थन दो प्रतिशत अंक बढ़कर 23 प्रतिशत हो गया।

डेमोक्रेटिक पार्टी को 20 वर्ष या उससे कम उम्र के युवाओं को छोड़कर सभी आयु वर्गों में पीपल पावर पार्टी से अधिक समर्थन मिला। इसी तरह, दक्षिण-पूर्वी शहर डेगू और नॉर्थ ग्योंगसांग प्रांत को छोड़कर सभी क्षेत्रों में भी डीपी को अधिक समर्थन मिला।

मंगलवार को राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने दोहराया कि राज्य का सबसे महत्वपूर्ण कर्तव्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उनके जीवन की रक्षा करना है।

उन्होंने यह बात देश के पहले ऐसे अस्पताल के उद्घाटन समारोह में कही, जो विशेष रूप से फायरफाइटर्स और अन्य आपातकालीन सेवा कर्मियों के इलाज के लिए बनाया गया है। ली ने कहा क‍ि राज्य का पहला कर्तव्य अपने लोगों के जीवन और सुरक्षा की रक्षा करना है। दुर्घटनाओं और आपदाओं के समय फायरफाइटर्स इस जिम्मेदारी को निभाने में सबसे आगे रहते हैं। उनकी मेहनत की वजह से आम लोग सुरक्षित और शांति से अपना दैनिक जीवन जी पाते हैं।

नॉर्थ चुंगचेओंग प्रांत के उमसेओंग में स्थित नेशनल फायर हॉस्पिटल देश का पहला ऐसा सामान्य अस्पताल है, जो खास तौर पर फायरफाइटर्स और अन्य प्रथम प्रतिक्रिया देने वाले कर्मियों के इलाज और उनके पेशे से जुड़ी स्वास्थ्य जरूरतों पर शोध के लिए समर्पित है।

यह अस्पताल जून में शुरू हुआ था और फायरफाइटर्स, पुलिस अधिकारियों, उनके परिवारों तथा स्थानीय निवासियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है।

राष्ट्रपति ने फर्स्ट रेस्पॉन्डर्स को संबोधित करते हुए कहा, "मुझे उम्मीद है कि यह नेशनल फायर हॉस्पिटल आपके लिए ऐसा भरोसेमंद स्थान बनेगा, जो आपकी जरूरतों को अच्छी तरह समझे और आपका बेहतर इलाज करे।"

ली ने कहा कि यह अस्पताल नॉर्थ चुंगचेओंग प्रांत में क्षेत्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा के केंद्र के रूप में भी काम करेगा। उन्होंने इसके लिए सरकार की ओर से जरूरी सहायता और निवेश का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि वह देश, जहां सबसे खतरनाक जगहों पर जाकर लोगों की जान बचाने वाले नायकों को सुरक्षा और सम्मान मिलता है, वास्तव में एक आदर्श देश होता है।"

--आईएएनएस

एवाई/पीएम

Share this story

Tags