Samachar Nama
×

एस जयशंकर से मिले दक्षिण अफ्रीकी उप-राष्ट्रपति मशातिले, व्यापार और निवेश बढ़ाने पर जोर

नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में छह दिवसीय भारत यात्रा पर आए दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति शिपोकोसा पॉल मशातिले से मुलाकात की। दोनों ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की।
एस जयशंकर से मिले दक्षिण अफ्रीकी उप-राष्ट्रपति मशातिले, व्यापार और निवेश बढ़ाने पर जोर

नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में छह दिवसीय भारत यात्रा पर आए दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति शिपोकोसा पॉल मशातिले से मुलाकात की। दोनों ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की।

दोनों पक्षों ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर समन्वय बढ़ाने पर भी सहमति जताई। यह सहयोग दोनों देशों के साझा इतिहास, ब्रिक्स सदस्य होने और ग्लोबल साउथ की प्रभावशाली आवाजों के रूप में उनकी भूमिका पर आधारित है।

दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति माशातिले 29 मई को छह दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे थे, जो 3 जून को समाप्त होगी।

मुलाकात के बाद सोशल मीडिया मंच एक्स पर विदेश मंत्री जयशंकर ने लिखा, “नई दिल्ली में दक्षिण अफ्रीका गणराज्य के उपराष्ट्रपति शिपोकोसा पॉल माशातिले और उनके प्रतिनिधिमंडल से मिलकर प्रसन्नता हुई। मैं दीर्घकालिक साझेदारी संबंधों को और गहरा करने की उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करता हूं। व्यापार, निवेश, एमएसएमई, डिजिटल और अवसंरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) क्षेत्रों में अवसरों पर चर्चा हुई।”

उन्होंने आगे कहा, “हम भारत और दक्षिण अफ्रीका को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिलकर काम करने पर सहमत हुए।”

बैठक के बाद माशातिले ने भी सोशल मीडिया पर लिखा, “भारत के विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर के साथ हमने सहमति व्यक्त की कि दक्षिण अफ्रीका और भारत को अपने संबंधों का विस्तार अन्य क्षेत्रों में भी करना चाहिए, विशेष रूप से आर्थिक संबंधों में।”

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, “आज हम रणनीतिक साझेदारी के उद्देश्यों को पूरा करने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हैं। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बहुपक्षीय संस्थानों में सहयोग को स्वीकार करते हुए हम इस बात पर जोर देते हैं कि हमारे संबंध पारस्परिक समृद्धि प्राप्त करने के साथ ही गरीबी, बेरोजगारी और असमानता जैसी चुनौतियों से निपटने की कुंजी हैं।”

उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि भारत और दक्षिण अफ्रीका को विशेष रूप से आर्थिक संबंधों सहित अन्य क्षेत्रों में भी अपने रिश्तों का विस्तार करना चाहिए।

दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति के साथ एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है, जिसमें कई मंत्री भी शामिल हैं। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच द्विपक्षीय व्यापार, निवेश, डिजिटल नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा देना है।

इस बीच, भारत और दक्षिण अफ्रीका ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में सहयोग और साझेदारी को मजबूत करने के अवसरों पर विचार-विमर्श किया। दोनों देशों ने आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और समावेशी विकास में एमएसएमई की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार किया।

आधिकारिक रूप से जारी किए गए बयान के अनुसार दोनों पक्षों ने वित्त तक पहुंच बढ़ाने, एंटरप्राइज फॉर्मेलाइजेशन को बढ़ावा देने, डिजिटलीकरण में तेजी लाने, उद्यमिता को मजबूत करने तथा एमएसएमई विकास के लिए कौशल प्रशिक्षण जैसे संभावित सहयोग क्षेत्रों पर चर्चा की।

यह बैठक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी के नेतृत्व में आयोजित हुई, जिसमें दक्षिण अफ्रीका के लघु व्यवसाय विकास मंत्री स्टेला तेम्बिसा दाबेनी के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल शामिल था।

बयान में कहा गया कि यह बैठक भारत और दक्षिण अफ्रीका की उस साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत दोनों देश द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करना चाहते हैं तथा एमएसएमई क्षेत्र की वृद्धि और प्रतिस्पर्धात्मकता के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करना चाहते हैं।

--आईएएनएस

केआर/

Share this story

Tags