चप्पल विवाद : कर्नाटक भाजपा की बुकर प्राइज विजेता बानू मुश्ताक की गिरफ्तारी की मांग
बेंगलुरु, 16 मार्च (आईएएनएस)। कर्नाटक के भाजपा नेता चलवाडी नारायणस्वामी ने कहा है कि इंटरनेशनल बुकर पुरस्कार पाने वाली लेखिका बानू मुश्ताक के खिलाफ केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि मंड्या जिले में एक कार्यक्रम के दौरान बानू मुश्ताक ने बीआर अंबेडकर की तस्वीर पर चप्पल पहनकर फूल चढ़ाए, जो उनका अपमान है।
विधान परिषद में विपक्ष के नेता नारायणस्वामी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह व्यवहार गलत है और सरकार को केस दर्ज करके कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि बानू मुश्ताक ने सफाई देते हुए कहा कि चप्पल मेरे घर की देवी हैं, इसलिए उन्होंने चप्पल नहीं उतारी। नारायणस्वामी के मुताबिक, यह बयान भी अपमानजनक है।
उन्होंने कहा कि बहुत से लोग बाबा साहेब अंबेडकर को देवता की तरह मानते हैं, इसलिए यह उनके अनुयायियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है।
उन्होंने दलित संगठनों से भी पूछा कि पहले वे बानू मुश्ताक का समर्थन कर रहे थे, लेकिन अब इस मामले पर वे क्या कर रहे हैं।
नारायणस्वामी ने यह भी कहा कि अगर वह कहती हैं कि चप्पल उनके घर की देवी हैं, तो फिर लोग भी उन्हें चप्पलों से पूजा करें, क्योंकि उन्होंने खुद ऐसा कहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस्लाम में अल्लाह को भगवान माना जाता है और सभी उसका सम्मान करते हैं, लेकिन चप्पल को देवी कहना समझ से बाहर है।
यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब मंड्या में एक कार्यक्रम के दौरान बानू मुश्ताक ने कथित रूप से चप्पल पहने हुए ही अंबेडकर की तस्वीर पर फूल चढ़ाए।
आलोचकों का कहना है कि इससे बीआर अंबेडकर का अपमान हुआ और धार्मिक प्रतीकों की तुलना चप्पलों से की गई।
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम

