Samachar Nama
×

आंध्र प्रदेश नाव हादसा: छह लापता मछुआरों के मारे जाने की आशंका, चार दिन बाद रोका गया तलाशी अभियान

आंध्र प्रदेश नाव हादसा: छह लापता मछुआरों के मारे जाने की आशंका, चार दिन बाद रोका गया तलाशी अभियान
आंध्र प्रदेश नाव हादसा: छह लापता मछुआरों के मारे जाने की आशंका, चार दिन बाद रोका गया तलाशी अभियान

विशाखापत्तनम, 8 जुलाई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम तट पर नाव पलटने के बाद लापता 6 मछुआरों को मृत माना गया है। 4 दिन तक चले तलाशी अभियान में मछुआरों का कोई सुराग नहीं मिला था। बुधवार को अधिकारियों ने इस तलाशी अभियान को रोक दिया।

छह लापता मछुआरों की तलाश के लिए भारतीय नौसेना और कोस्ट गार्ड की टीमें चार दिन से जुटी थीं। कोस्ट गार्ड के दो जहाजों और दो हेलीकॉप्टरों की मदद से मंगलवार आधी रात तक अभियान जारी रहा, लेकिन सर्च टीमों की सभी कोशिशें बेकार गईं। ऑपरेशन के बाद भी मछुआरों का कोई पता नहीं चल सका।

अधिकारियों ने अब लापता मछुआरों को मृत मान लिया है। यह फैसला रविवार को एक कार्गो जहाज के जरिए बचाए गए मछुआरे से मिली जानकारी के आधार पर लिया गया।

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम तट पर 4 जुलाई को यह हादसा हुआ। विजयनगरम और विशाखापत्तनम जिलों के 7 मछुआरों का एक समूह एक जुलाई को विशाखापत्तनम फिशिंग हार्बर से मछली पकड़ने के लिए नाव से निकला था। शनिवार को तट पर लौटते समय नाव में तकनीकी खराबी आ गई और वह पलट गई। उनमें से एक को एक मर्चेंट जहाज के क्रू ने बचाया और वह सोमवार को तट पर पहुंचा, लेकिन 6 मछुआरों का कोई पता नहीं लगा।

तलाशी अभियान रोके जाने के साथ ही राज्य सरकार ने छह मछुआरों के परिवारों के लिए 10-10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की।

राज्य के मंत्री कोल्लू रवींद्र ने लापता मछुआरों के परिवारों को सांत्वना दी और हर परिवार को 10 लाख रुपए की अनुग्रह राशि सौंपी। उन्होंने मीडिया को बताया कि 72 घंटे से अधिक समय तक व्यापक खोज के बाद भी लापता मछुआरों का कोई सुराग नहीं मिला, इसलिए उन्हें मृत मान लिया गया है।

मंत्री और अन्य अधिकारियों ने जो चेक दिए, उनमें मत्स्य पालन विभाग की ओर से 5 लाख रुपए और मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपए शामिल थे।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags