कर्नाटक के मुख्यमंत्री शिवकुमार दिल्ली में राहुल गांधी की बैठक में होंगे शामिल, केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात
बेंगलुरु, 6 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार शुक्रवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वे दिल्ली में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा बुलाई गई एक बैठक में शामिल होंगे, जिसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय राजधानी में रहने के दौरान मुख्यमंत्री केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे।
कनकपुरा में मीडिया से बात करते हुए शिवकुमार ने कहा कि बैठक शुक्रवार शाम को होगी और लगभग डेढ़ घंटे तक चलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपावली के त्योहार के कारण वह दिल्ली में किसी और से मुलाकात नहीं करेंगे।
मुख्यमंत्री शिवकुमार के कार्यक्रम के अनुसार, वह शुक्रवार शाम को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचेंगे। वह केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे और कर्नाटक भवन में रुकेंगे।
शिवकुमार के दिल्ली दौरे को लेकर कर्नाटक के राजनीतिक हलकों में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस आलाकमान अपना फैसला अंतिम रूप देकर मुख्यमंत्री शिवकुमार को बता सकता है।
फिलहाल मंत्रिमंडल में दो पद खाली हैं और मंत्रिमंडल में महिलाओं का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। एआईसीसी महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पहले कहा था कि देरी की जिम्मेदारी वह लेंगे और यह मामला उनकी तरफ से ही लंबित है।
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का यह भी कहना है कि मुख्यमंत्री शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया अपने-अपने समर्थकों को मंत्रिमंडल में जगह दिलाने के लिए जोर-शोर से पैरवी कर रहे हैं।
13 नवंबर को होने वाले 'नम्मा मेट्रो' की पिंक लाइन के उद्घाटन के बारे में मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य सरकार के निमंत्रण पर बेंगलुरु आ रहे हैं।
उन्होंने सवाल किया, "हमने प्रधानमंत्री को 13 नवंबर को मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन करने के लिए आमंत्रित किया था। कुछ लोग यह दावा करके श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं कि उन्होंने उन्हें आमंत्रित किया था। इसमें भाजपा का क्या लेना-देना है?"
उन्होंने कहा, "यह जनता का पैसा है। हम कर्ज लेकर मेट्रो का विकास कर रहे हैं। मैं 13 नवंबर को प्रधानमंत्री के सामने कुछ मुद्दे रखूंगा।"
जब उनसे पूछा गया कि वह कनकपुरा कब लौटेंगे, तो मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कहा कि वह तीन-चार दिनों में अपने निर्वाचन क्षेत्र का दौरा करेंगे।
गौरतलब है कि बेंगलुरु की पिंक लाइन (नम्मा मेट्रो) के 7.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड (ऊपर बने) हिस्से का उद्घाटन 13 नवंबर, 2026 को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किया जाना है।
यह कॉरिडोर कलेना अग्रहारा (बन्नेरघट्टा रोड) को नागावारा (आउटर रिंग रोड) से जोड़ता है। इसकी कुल लंबाई 21.26 किलोमीटर है, जिसमें 6 एलिवेटेड और 12 भूमिगत सहित 18 स्टेशन हैं। कलेना अग्रहारा से तावरेकेरे तक का पहला 7.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड हिस्सा सबसे पहले खुलेगा।
एलिवेटेड स्टेशनों में कलेना अग्रहारा, हुलिमावु, आईआईएम-बी, जेपी नगर चौथा चरण, जयादेवा अस्पताल और तावरेकेरे शामिल हैं। बाकी के भूमिगत हिस्से (डेयरी सर्कल से नागावारा तक) को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
--आईएएनएस
ओपी/एबीएम

