'यहां कोई जादू नहीं दिख रहा', जोधपुर दौरे पर पहुंचे गजेंद्र सिंह शेखावत का अशोक गहलोत पर तंज
जयपुर, 5 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बुधवार को जोधपुर के एक दिवसीय दौरे के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें गहलोत के हालिया दौरे के बाद शहर में कोई जादू नजर नहीं आ रहा है।
शेखावत ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा, "मैं अभी-अभी जोधपुर आया हूं और मुझे यहां कोई जादू-टोना दिखाई नहीं दे रहा है।"
राजस्थान में होने वाले पंचायती राज और नगरीय निकाय चुनावों पर बोलते हुए शेखावत ने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को स्पष्ट जनादेश मिलेगा। उन्होंने कहा, "कमल खिलेगा।" शेखावत ने दावा किया कि सीएम भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य की हर विधानसभा तक विकास पहुंचा है।
उन्होंने कहा, "पूरा भाजपा संगठन एकजुट होकर गंभीरता से चुनाव की तैयारी कर रहा है। राजस्थान की जनता एक बार फिर भाजपा को भारी जीत का आशीर्वाद देगी।" शेखावत ने भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि और राजस्थान के निर्यात आधारित उद्योगों के लिए बड़ा अवसर बताया।
उन्होंने कहा कि इस समझौते से इंजीनियरिंग, हस्तशिल्प और चमड़ा उद्योग को बड़ा लाभ मिलेगा। ब्रिटेन में जाने वाले लगभग 99 प्रतिशत भारतीय उत्पादों पर आयात शुल्क समाप्त कर दिया गया है।
उन्होंने कहा, "इस समझौते की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके लागू होने के पहले ही दिन भारत से ब्रिटेन को 14 करोड़ डॉलर के सामान का निर्यात हुआ।"
राजस्थान की निर्यात क्षमता का उल्लेख करते हुए शेखावत ने कहा कि जोधपुर के हस्तशिल्प उत्पाद, जयपुर के रत्न एवं आभूषण तथा राज्य के चमड़ा उत्पाद पहले से ही ब्रिटेन के बाजार में मजबूत पहचान रखते हैं। शुल्क हटने से इन उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और बढ़ेगी।
शेखावत ने यह भी बताया कि इस समझौते में मोबिलिटी पैक्ट भी शामिल है, जिससे व्यवसाय और रोजगार के लिए ब्रिटेन जाने वाले भारतीयों के लिए वीजा प्रक्रिया आसान होने और बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम

