शरद कपूर के वायरल वीडियो पर बोले आर्यन वैद, बुरे वक्त के लिए अच्छे दिनों में तैयारी जरूरी
मुंबई, 15 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता आर्यन वैद ने अभिनेता शरद कपूर की हालिया वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि बॉलीवुड किसी भी अन्य उद्योग की तरह ही है और किसी एक व्यक्ति के लिए पूरी इंडस्ट्री नहीं रुकती।
आर्यन वैद ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने बॉलीवुड का बचाव करते हुए कहा कि किसी कलाकार के मुश्किल दौर के लिए पूरी इंडस्ट्री को दोष देना सही नहीं है।
उन्होंने कहा, "मैंने शरद कपूर के वीडियो देखे और मुझे बहुत बुरा लगा। मैंने कई साल पहले उनके साथ 'चाहत एक नशा' फिल्म में काम किया था। वीडियो देखने के बाद मैंने कई टिप्पणियां भी पढ़ीं, जिनमें लोग कह रहे थे कि बॉलीवुड अपने कलाकारों का ख्याल नहीं रखता, लेकिन बॉलीवुड भी किसी अन्य इंडस्ट्री की तरह ही है।"
आर्यन ने कहा, "बॉलीवुड किसी को जबरदस्ती काम नहीं दे सकता। मैं यह नहीं कह रहा कि शरद कपूर के साथ क्या हुआ, क्योंकि मुझे इसकी पूरी जानकारी नहीं है लेकिन कई कलाकारों के साथ बुरा समय इसलिए आता है क्योंकि उन्होंने अच्छे समय के दौरान बुरे समय के बारे में नहीं सोचा होता। इससे निराशा पैदा होती है और कई कलाकार शराब की ओर भी रुख कर लेते हैं।" उन्होंने लोगों को अपनी वित्तीय योजना मजबूत रखने और कठिन समय के लिए बचत करने की सलाह भी दी।
आर्यन वैद ने कहा, "आर्थिक दबाव कभी रुकता नहीं है। बिल आते रहते हैं। इस इंडस्ट्री ने अमिताभ बच्चन जैसे बड़े सितारे को भी एक दौर में घर बैठने पर मजबूर कर दिया था। यह सिर्फ बॉलीवुड की बात नहीं है, बल्कि हर क्षेत्र में लागू होता है। अच्छे समय में बुरे समय के लिए भी तैयारी करनी चाहिए।"
उन्होंने कहा, "पैसों को समझदारी से खर्च करें। आजकल लोग आईफोन 18 जैसी महंगी चीजें ईएमआई पर खरीद रहे हैं, लेकिन याद रखिए, नए फोन का आकर्षण कुछ महीनों में खत्म हो जाता है, जबकि खराब सिबिल स्कोर 10-12 साल तक आपका पीछा कर सकता है।"
हाल ही में शरद कपूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसे देखकर कई प्रशंसकों ने उनकी चिंता जताई। एक यूजर ने लिखा, "उन्हें इस हालत में देखकर झटका लगा, भगवान आपका भला करे सर।" वहीं दूसरे यूजर ने कहा, "काम मांगने में कोई शर्म नहीं है, आप और मजबूत बनकर लौटें।"
हालांकि शरद कपूर ने बाद में स्पष्ट किया कि वह ठीक हैं और बार्सिलोना में लगी चोट से उबर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि घर बदलने की प्रक्रिया के दौरान उन्होंने अपने पालतू कुत्तों को कुछ समय के लिए एक पशु कल्याण केंद्र में रखा।
--आईएएनएस
वीसी

