Samachar Nama
×

हरियाणा: पुलिस स्टेशन के बाहर गैंगवार, सात लोग घायल

हरियाणा: पुलिस स्टेशन के बाहर गैंगवार, सात लोग घायल
हरियाणा: पुलिस स्टेशन के बाहर गैंगवार, सात लोग घायल

चंडीगढ़, 6 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणा के दादरी शहर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां गुरुवार को पुलिस स्टेशन के सामने दिनदहाड़े अंधाधुंध गोलीबारी हुई, जिसमें एक कार में सवार सात लोग घायल हो गए।

शुरुआत में पुलिस को लगा कि यह अपराध गैंगवार से जुड़ा है। हमलावरों की पहचान अभी नहीं हो पाई है, जिन्होंने कम से कम 30 राउंड फायरिंग की थी। यहां चौंकाने वाली बात यह है कि गोलीबारी के बाद तीन हमलावर रिवॉल्वर लहराते हुए पैदल ही भाग गए।

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घायल लोग गोलियों से छलनी एसयूवी कार में बैठे दिख रहे हैं। घायलों को गंभीर हालत में रोहतक के पीजीआई रेफर कर दिया गया है। वहीं, अपराध की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फायरिंग इतनी अचानक हुई कि राहगीरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना के दौरान गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए चरखी दादरी के सिविल अस्पताल ले जाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद, सभी सात घायलों को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान चरखी दादरी के अंकित, हिसार के कीर्तिमान, भिवानी के सूरज और अंकित, हिसार के सनी, महेंद्रगढ़ के कृष्ण और फतेहगढ़ के अमित के तौर पर हुई है।

फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत इकट्ठा किए। जांच अधिकारी ने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला है कि तीन बदमाश बाइक पर आए थे। आरोपियों ने स्कॉर्पियो के सामने बाइक लगाकर उसे रुकने पर मजबूर किया और फिर फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग से मौके पर भगदड़ और अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। फोरेंसिक टीम की मदद से मौके से मिले सबूत, कारतूस के खोखे और अन्य अहम सुरागों को जब्त कर उनकी जांच की जा रही है।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी

Share this story

Tags