Samachar Nama
×

सेवा संकल्प अभियान : दिल्ली में आशा वर्करों का मानदेय दोगुना, नवजात की 56 जांच होंगी मुफ्त

सेवा संकल्प अभियान : दिल्ली में आशा वर्करों का मानदेय दोगुना, नवजात की 56 जांच होंगी मुफ्त
सेवा संकल्प अभियान : दिल्ली में आशा वर्करों का मानदेय दोगुना, नवजात की 56 जांच होंगी मुफ्त

नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली के उपराज्यपाल टीएस संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी अहम पहल शुरू कीं। उन्होंने टेक्नोलॉजी और सहानुभूतिपूर्ण देखभाल के जरिए एक स्वस्थ 'विकसित दिल्ली' बनाने का वादा किया।

उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश में लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समावेशी विकसित भारत के विजन के अनुरूप, 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी अहम पहल शुरू करने के लिए त्यागराज स्टेडियम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह के साथ शामिल हुआ।"

संधू ने कहा, "हमारी फ्रंटलाइन आशा वर्करों की अहम भूमिका को देखते हुए उनका मासिक मानदेय 3,000 रुपए से बढ़ाकर 6,000 रुपए कर दिया गया है। साथ ही, नवजात शिशुओं की एडवांस्ड स्क्रीनिंग के लिए 'प्रोजेक्ट अनमोल', जीबी पंत अस्पताल में एक समर्पित 'स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन' (सोटो) सेंटर और नर्सिंग होम मैनेजमेंट के लिए एक पारदर्शी पोर्टल भी शुरू किया गया है। टेक्नोलॉजी, मजबूत पब्लिक हेल्थ सिस्टम और संवेदनशीलता के साथ देखभाल से ही हम एक स्वस्थ विकसित दिल्ली की दिशा में आगे बढ़ेंगे।"

इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश शेयर किया।

मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा, "लेफ्टिनेंट गवर्नर तरनजीत सिंह संधू के साथ मिलकर आशा कॉन्फ्रेंस-2026 में दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर चर्चा हुई।"

उन्होंने कहा, "आशा बहनों के लिए प्रोत्साहन राशि 3,000 से बढ़ाकर 6,000 रुपए कर दी गई है। इससे दिल्ली की 6,690 आशा बहनों को आर्थिक मदद मिलेगी और घर-घर जाकर दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।"

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "जीबी पंत अस्पताल में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (सोट्टो) लॉन्च किया गया है। अब अंग दान और प्रत्यारोपण की पूरी प्रक्रिया में बेहतर तालमेल होगा, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर मदद मिल सकेगी।"

उन्होंने कहा, "ऑक्सिलरी नर्स मिडवाइफ ऑनलाइन (अनमोल) स्कीम का विस्तार किया गया है। इसके तहत दिल्ली में नवजातों में 56 तरह की स्वास्थ्य समस्याओं की जांच पूरी तरह से मुफ्त की जा रही है, जिससे बीमारियों की शुरुआती पहचान और इलाज संभव हो पा रहा है।"

उन्होंने कहा, "नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल लॉन्च किया गया है, जिससे नर्सिंग होम से जुड़ी प्रक्रियाएं ज्यादा आसान, पारदर्शी और जवाबदेह बनेंगी।"

मुख्यमंत्री ने एक्स पर कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हमारा संकल्प है कि स्वास्थ्य सेवाएं और सुलभ हों, स्वास्थ्य सुरक्षा समाज के हर कोने तक पहुंचे और सेवा में लगे हर व्यक्ति को उचित सम्मान मिले।"

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी

Share this story