Samachar Nama
×

टीवीके विधायक को रिश्वत देने के प्रयास के मामले में सेंथिल बालाजी को चेन्नई पुलिस ने तलब किया

टीवीके विधायक को रिश्वत देने के प्रयास के मामले में सेंथिल बालाजी को चेन्नई पुलिस ने तलब किया
टीवीके विधायक को रिश्वत देने के प्रयास के मामले में सेंथिल बालाजी को चेन्नई पुलिस ने तलब किया

चेन्नई, 6 जुलाई (आईएएनएस)। तमिलनाडु के पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी के सोमवार को चेन्नई पुलिस के समक्ष पूछताछ के लिए पेश होने की संभावना है। उनसे मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार को अस्थिर करने की कथित साजिश के सिलसिले में पूछताछ की जाएगी।

यह घटनाक्रम उन आरोपों की जांच के बाद सामने आया है, जिनमें दावा किया गया था कि राज्य सरकार को गिराने के उद्देश्य से विधायकों को भारी धनराशि का लालच देकर अपने पक्ष में करने की कोशिश की गई।

यह मामला तब प्रकाश में आया, जब कृष्णागिरि जिले की उथंगरई विधानसभा सीट से टीवीके विधायक डॉ. इलैयाराजा ने चेन्नई पुलिस आयुक्त अमलराज से शिकायत की।

अपनी शिकायत में विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार गिराने की बड़ी साजिश के तहत उन्हें राजनीतिक निष्ठा बदलने के बदले 35 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने जांच शुरू की और बाद में कथित साजिश से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में चुनावी सर्वेक्षण संस्था आईपीडीएस के संस्थापक तिरुनावुक्करासु, थियागराजन और नरेश शामिल हैं, जिन्हें सेंथिल बालाजी का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। इसके अलावा करूर के डीएमके पदाधिकारी रमेश, कार्ति और सेल्वन, मनापक्कम के एआईएडीएमके पदाधिकारी श्रीनिवासन और अस्तीनापुरम के राजेश को भी गिरफ्तार किया गया है।

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि टीवीके विधायकों को दल बदलने के लिए कथित तौर पर करीब 180 करोड़ रुपये खर्च करने की व्यापक योजना बनाई गई थी। जांचकर्ता इस दावे की भी पड़ताल कर रहे हैं कि यह पूरी कार्रवाई कथित रूप से सेंथिल बालाजी और उनके भाई अशोक कुमार के निर्देश पर की गई।

इन घटनाक्रमों के बाद त्रिप्लिकेन पुलिस ने सेंथिल बालाजी और अशोक कुमार को सोमवार सुबह 10:30 बजे पूछताछ के लिए जांच अधिकारियों के समक्ष उपस्थित होने का समन जारी किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह समन चल रही जांच के तहत जारी किया गया है और दोनों से जांच में सहयोग करने की अपेक्षा की गई है।

अधिकारियों ने संकेत दिया कि यदि दोनों में से कोई भी बिना किसी वैध कारण के जांच दल के समक्ष उपस्थित नहीं होता है, तो कानून के अनुसार उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

इस बीच, जांच पूरी होने तक दोनों को देश छोड़ने से रोकने के लिए पुलिस ने देशभर के हवाई अड्डों पर लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया है।

सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है और एहतियात के तौर पर हवाई अड्डों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

कथित 'कैश फॉर डिफेक्शन' (धन देकर दल बदल कराने) की साजिश की जांच जारी है और आने वाले दिनों में पुलिस अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ कर सकती है।

--आईएएनएस

पीएम

Share this story

Tags