Samachar Nama
×

भारत की होगी री-रेटिंग; सेंसेक्स के 2027 के अंत तक 95,000 पर पहुंचने का अनुमान: रिपोर्ट

भारत की होगी री-रेटिंग; सेंसेक्स के 2027 के अंत तक 95,000 पर पहुंचने का अनुमान: रिपोर्ट
भारत की होगी री-रेटिंग; सेंसेक्स के 2027 के अंत तक 95,000 पर पहुंचने का अनुमान: रिपोर्ट

मुंबई, 16 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की री-रेटिंग होने की उम्मीद है और इससे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का मुख्य सूचकांक सेंसेक्स बेस केस सिनारियो (जिसके होने की संभावना 50 प्रतिशत है) में दिसंबर, 2027 के अंत तक 95,000 तक पहुंच सकता है। इसकी वजह मजबूत घरेलू आर्थिक आंकड़े, कॉरपोरेट आय और स्थिर आर्थिक माहौल होना है। यह जानकारी एक रिपोर्ट में दी गई।

ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली की रिपोर्ट में कहा गया कि यह लक्ष्य पिछले सत्र की क्लोजिंग 81,592.45 से करीब 16 प्रतिशत ज्यादा है। इस टारगेट पर इंडेक्स पीई वैल्यू 23 की निकलती है, जो कि मुख्य सूचकांक के 25 वर्षों की औसत पीई 22 से अधिक है।

ब्रोकरेज के अनुसार, ऐतिहासिक औसत के मुकाबले यह प्रीमियम भारत के मध्यम अवधि के विकास चक्र में अधिक भरोसे, कम मार्केट बीटा, उच्च टर्मिनल ग्रोथ रेट और एक अनुमान योग्य नीतिगत माहौल को दर्शाता है।

ब्रोकरेज के 'बुल-केस' सिनेरियो (जिसके होने की संभावना 30 प्रतिशत है) में सेंसेक्स के दिसंबर 2027 तक 105,000 के स्तर तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि 'बियर-केस' सिनेरियो (जिसके होने की संभावना 20 प्रतिशत है) में सूचकांक के 68,000 के स्तर पर रहने का अनुमान है।

मॉर्गन स्टेनली के 'बेस-केस' अनुमानों में मजबूत घरेलू विकास, स्थिर वैश्विक आर्थिक स्थितियां, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का समाधान और ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों का 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे बने रहना शामिल है।

इन अनुमानों के आधार पर, ब्रोकरेज फर्म को वित्त वर्ष 2029 तक सेंसेक्स की आय में 18.1 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक दर से वृद्धि की उम्मीद है।

मॉर्गन स्टेनली ने निवेश के दृष्टिकोण से रक्षात्मक और निर्यात-उन्मुख व्यवसायों की तुलना में घरेलू चक्रीय क्षेत्रों को प्राथमिकता देती है।

इसके अलावा, मॉर्गन स्टेनली ऊर्जा, सामग्री, उपयोगिता और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्रों में अपना निवेश कम बनाए हुए है।

फर्म ने यह भी कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी सेवाएं अप्रत्याशित रूप से लाभान्वित हो सकती हैं क्योंकि वैश्विक कंपनियां एआई से संबंधित अनुप्रयोगों और समाधानों के लिए भारतीय फर्मों की ओर रुख कर रही हैं।

ब्रोकरेज फर्म ने यह भी तर्क दिया कि अर्थव्यवस्था में संरचनात्मक परिवर्तन, जिनमें जीडीपी में तेल की कम निर्भरता, सेवाओं के निर्यात में वृद्धि और चल रहे राजकोषीय समेकन शामिल हैं, भारत के बचत-निवेश असंतुलन को कम कर सकते हैं और संरचनात्मक रूप से कम वास्तविक ब्याज दरों का समर्थन कर सकते हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, अनुकूल मूलभूत कारकों, बेहतर होते बाजार के माहौल और विदेशी निवेशकों की अपेक्षाकृत कम उपस्थिति का संयोजन अगले कुछ वर्षों में भारतीय शेयरों के लिए एक सकारात्मक माहौल तैयार करता है।

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story

Tags