Samachar Nama
×

टाटा स्टील-एपीएल अपोलो सौदे की जांच कर रहा सेबी, अल्पांश शेयरधारकों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता : तुहिन कांत पांडे

टाटा स्टील-एपीएल अपोलो सौदे की जांच कर रहा सेबी, अल्पांश शेयरधारकों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता : तुहिन कांत पांडे
टाटा स्टील-एपीएल अपोलो सौदे की जांच कर रहा सेबी, अल्पांश शेयरधारकों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता : तुहिन कांत पांडे

मुंबई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने शुक्रवार को कहा कि नियामक टाटा स्टील और एपीएल अपोलो ट्यूब्स के बीच प्रस्तावित सौदे की समीक्षा कर रहा है और इस प्रक्रिया में अल्पांश (माइनॉरिटी) शेयरधारकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

एसोचैम द्वारा आयोजित 17वें कैपिटल मार्केट सम्मेलन को संबोधित करते हुए पांडे ने कहा कि निवेशक संरक्षण सेबी की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है और इसी दृष्टिकोण से इस लेनदेन का आकलन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, "हम अल्पांश शेयरधारकों के अधिकारों को बहुत गंभीरता से लेते हैं। टाटा स्टील-एपीएल अपोलो सौदे में माइनॉरिटी शेयरधारकों के हितों की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है।”

प्रस्तावित लेनदेन को लेकर संस्थागत निवेशकों और प्रॉक्सी एडवाइजरी फर्मों ने कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने सौदे की संरचना, मूल्यांकन और वित्तपोषण व्यवस्था को लेकर चिंताएं व्यक्त की हैं।

प्रस्तावित योजना के तहत एपीएल अपोलो ट्यूब्स लगभग 28,000 करोड़ रुपए में टाटा स्टील के स्टील ट्यूब्स और कलर-कोटेड स्टील कारोबार का अधिग्रहण करेगी। इस अधिग्रहण के लिए मुख्य रूप से ऋण (डेट) के माध्यम से धन जुटाए जाने की संभावना है।

दूसरे चरण में टाटा स्टील प्रमोटर समूह की हिस्सेदारी खरीदने और उसके बाद सार्वजनिक शेयरधारकों के लिए ओपन ऑफर लाने के जरिए विस्तारित एपीएल अपोलो में नियंत्रणकारी हिस्सेदारी हासिल करेगी। इस चरण का कुल संभावित मूल्य लगभग 32,267 करोड़ रुपए बताया जा रहा है।

इस सौदे को लेकर प्रमुख चिंता यह है कि अधिग्रहण के लिए एपीएल अपोलो को काफी अधिक कर्ज उठाना पड़ सकता है। निवेशकों का सवाल है कि इस स्थिति में कंपनी के अल्पांश शेयरधारकों के हितों की पर्याप्त सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी।

सौदे की घोषणा के बाद एपीएल अपोलो के शेयरों में तेज गिरावट भी निवेशकों की चिंता का कारण बनी। इस महीने कंपनी का शेयर लगभग 30 प्रतिशत तक टूट गया, जिससे बाजार में सौदे को लेकर आशंकाएं और बढ़ गईं।

प्रॉक्सी एडवाइजरी फर्मों ने भी मूल्यांकन, कॉरपोरेट गवर्नेंस और खुलासा मानकों को लेकर सवाल उठाए हैं। उनके अनुसार, इतने बड़े लेनदेन में पारदर्शिता और निवेशक संरक्षण सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

इस बीच स्टेकहोल्डर्स एम्पावरमेंट सर्विसेज (एसईएस) ने भी सौदे की संरचना के कुछ पहलुओं पर सवाल उठाए हैं। संस्था का कहना है कि टाटा स्टील को 23 नवंबर से संबंधित पक्ष के रूप में माना जाना चाहिए।

एसईएस ने यह भी आशंका जताई है कि सौदे के पहले चरण की संरचना इस प्रकार बनाई गई हो सकती है कि वह उन नियामकीय सीमाओं से नीचे रहे, जिनके पार होने पर अतिरिक्त अनुपालन आवश्यकताएं लागू हो सकती थीं।

--आईएएनएस

डीबीपी

Share this story

Tags