अफगानिस्तान: स्कूल के पास विस्फोट से 10 की मौत और 110 घायल, यूनिसेफ ने जताई चिंता
काबुल, 29 नवंबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में एक स्कूल के पास हुए भीषण धमाके में 10 लोगों की मौत और 110 अन्य के घायल होने की खबरों पर संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) ने गहरा खेद जताया है। संगठन ने कहा कि स्कूल हर बच्चे के लिए सुरक्षित स्थान होने चाहिए और किसी भी बच्चे की जान वहां खतरे में नहीं पड़नी चाहिए।
यूनिसेफ ने घायलों, मृतकों के शोकाकुल परिवारों और अपने प्रियजनों की खबर मिलने का इंतजार कर रहे लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
यूनिसेफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में कहा, "अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में एक स्कूल के पास हुए विस्फोट की खबरों से यूनिसेफ बेहद दुखी है। इस घटना में कई बच्चों की जान गई है और अनेक अन्य घायल हुए हैं। हमारी संवेदनाएं घायल बच्चों, शोकाकुल परिवारों और उन सभी लोगों के साथ हैं, जो अपने प्रियजनों की खबर मिलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।"
संगठन ने आगे कहा कि यूनिसेफ और उसके सहयोगी घटनास्थल पर मौजूद हैं। वे घायलों को जीवनरक्षक चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रहे हैं और पीड़ित बच्चों तथा उनके परिवारों की अन्य जरूरतों का आकलन कर रहे हैं। यूनिसेफ ने दोहराया कि स्कूल हर बच्चे के लिए सुरक्षित स्थान होने चाहिए।
यह बयान कुनार प्रांत की राजधानी असदाबाद के बाहरी इलाके में स्थित अंदर सेर क्षेत्र में हुए विस्फोट के बाद आया है। अफगानिस्तान स्थित समाचार एजेंसी खामा प्रेस के मुताबिक, तालिबान के गृह मंत्रालय ने बताया कि शनिवार को हुए इस विस्फोट में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई है और 110 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में ज्यादातर बच्चे हैं।
विस्फोट के कारण स्कूल की इमारत का एक हिस्सा ढह गया, जिसके मलबे में शिक्षक और छात्र फंस गए। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में क्षतिग्रस्त कक्षाएं, बिखरे हुए स्कूली बैग और अस्पतालों में इलाज करा रहे घायल बच्चों को देखा जा सकता है। कुछ घायलों को इलाज के लिए नंगरहार के अस्पतालों में भी ले जाया गया।
अधिकारियों ने विस्फोट की वजह स्कूल के पास खनन कंपनियों के एक डिपो में विस्फोटक सामग्री का भंडारण बताया। तालिबान के उप प्रवक्ता के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विस्फोटकों के रखरखाव और भंडारण के दौरान पर्याप्त सावधानियां नहीं बरती गई थीं, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
हालांकि, खामा प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान सरकार के एक सूत्र ने दावा किया है कि विस्फोट उस मकान में हुआ, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के सदस्य बम बनाने के लिए कर रहे थे।
--आईएएनएस
केआर/

