तमिलनाडुः लगातार हो रही बारिश के कारण नीलगिरि जिले के छह तालुकों में स्कूल बंद
चेन्नई, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण नीलगिरि जिले के छह तालुकों में शनिवार को स्कूलों को बंद रखने की घोषणा की गई।
जिला कलेक्टर लक्ष्मी भव्य ने उदगमंडलम, कुन्नूर, कोटागिरी, कुंडा, गुडलूर और पांडालूर तालुकों के सभी स्कूलों के लिए आदेश जारी किया। इन इलाकों में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए छुट्टी की घोषणा की गई। पड़ोसी कोयंबटूर जिले में कलेक्टर ने सभी तरह के स्कूलों के लिए छुट्टी की घोषणा की और स्कूल प्रबंधन को शनिवार को कोई भी विशेष कक्षाएं न चलाने का निर्देश दिया।
भारी बारिश के पूर्वानुमान के बीच यह निर्देश जारी किया गया है, जिसमें स्कूलों से कहा गया है कि वे अतिरिक्त पढ़ाई के लिए छात्रों को न बुलाएं।
घोषणा में कहा गया है कि यह निर्देश जिले के सभी प्रकार के स्कूलों पर लागू होता है। राज्य के पश्चिमी जिलों और कई मध्य व दक्षिणी हिस्सों में बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया है और कुछ इलाकों में आवागमन भी बाधित हुआ है।
रिपोर्ट में दी गई मौसम संबंधी जानकारी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि यह सिस्टम एक चक्रवात में बदल सकता है और आंध्र प्रदेश-ओडिशा तट की ओर बढ़ सकता है, जबकि तमिलनाडु में भारी बारिश होने की संभावना है।
पुदुकोट्टई के शहरी इलाकों में आधे घंटे से ज्यादा समय तक भारी बारिश हुई, जिससे मौसम में काफी बदलाव आया और ठंडक बढ़ गई। तिरुचिरापल्ली शहर और उसके आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश हुई। कई सड़कों पर पानी जमा हो गया, जिससे वाहन चालकों को आने-जाने में दिक्कत हुई और प्रभावित रास्तों पर ट्रैफिक धीमा हो गया।
पूरे इलाके में लगातार बारिश के कारण लोगों को पानी से भरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ा। तंजावुर में सुबह धूप खिलने के बाद शाम को अचानक बारिश हुई। इस बारिश से किसानों को काफी राहत मिली, क्योंकि इससे भूजल स्तर (ग्राउंडवाटर) को फिर से भरने में मदद मिलेगी।
करूर कॉर्पोरेशन के अलग-अलग हिस्सों में हुई बारिश से भी मौसम ठंडा हो गया। हालांकि पल्लापट्टी में सड़कों पर बारिश का पानी भर जाने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
थेनी जिले के अंडीपट्टी, बोदिनायकानूर, पेरियाकुलम और कुंबुम इलाकों में अच्छी बारिश हुई। बोदिमेट्टू पहाड़ी सड़क पर घना कोहरा छा गया, जिससे वहां कुछ भी देख पाना मुश्किल हो गया।
नीलगिरी और कोयंबटूर सहित पश्चिमी इलाकों में भी बारिश हुई, जिसके चलते स्कूलों के संबंध में कुछ घोषणाएं की गईं। नीलगिरी के आदेश में विशेष रूप से छह तालुकों का जिक्र किया गया, जबकि कोयंबटूर की घोषणा में यह स्पष्ट निर्देश दिया गया कि छुट्टियों के दौरान कोई विशेष कक्षाएं (स्पेशल क्लासेस) नहीं लगाई जानी चाहिए।
--आईएएनएस
ओपी/वीसी

