Samachar Nama
×

ध्रुव विक्रम की नई फिल्म से जुड़े संतोष नारायणन, संगीत को लेकर बढ़ी उत्सुकता

ध्रुव विक्रम की नई फिल्म से जुड़े संतोष नारायणन, संगीत को लेकर बढ़ी उत्सुकता
ध्रुव विक्रम की नई फिल्म से जुड़े संतोष नारायणन, संगीत को लेकर बढ़ी उत्सुकता

चेन्नई, 4 अगस्त (आईएएनएस)। तमिल सिनेमा में अपनी अलग पहचान बना चुके युवा अभिनेता ध्रुव विक्रम की आने वाली फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ता जा रहा है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही इससे जुड़ी जानकारियां लगातार सामने आ रही हैं। अब इस फिल्म को लेकर एक और बड़ी खबर सामने आई है।

मशहूर संगीतकार संतोष नारायणन इस फिल्म से जुड़ गए हैं। फिल्म के निर्माताओं ने इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि संतोष नारायणन फिल्म के लिए संगीत तैयार करेंगे।

निर्देशक करण अरविंद कुमार के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को फिलहाल 'डीवी 4' और 'मैत्री तमिल 04' नाम से जाना जा रहा है। इस फिल्म में ध्रुव विक्रम को एक नए अंदाज में पेश करने की तैयारी है। निर्माताओं का कहना है कि फिल्म में कहानी, कलाकारों का प्रदर्शन और संगीत तीनों का खास महत्व होगा।

फिल्म की निर्माण कंपनी मैत्री मूवी मेकर्स ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संतोष नारायणन के फिल्म से जुड़ने की जानकारी साझा की। कंपनी ने एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें निर्देशक करण ए कुमार और संगीतकार संतोष नारायणन साथ नजर आ रहे हैं। तस्वीर के जरिए मेकर्स ने यह दिखाने की कोशिश की है कि फिल्म के संगीत पर काम शुरू हो चुका है और टीम दर्शकों के लिए कुछ खास तैयार करने में जुटी है।

निर्माताओं ने अपनी पोस्ट में संतोष नारायणन की तारीफ करते हुए उन्हें बेहतरीन और नए प्रयोग करने वाला संगीतकार बताया। उन्होंने लिखा, ''संतोष नारायणन अब 'डीवी 4' का हिस्सा हैं और फिल्म के लिए उनका संगीत एक खास अनुभव लेकर आएगा। आने वाले समय में फिल्म से जुड़ी और बड़ी जानकारियां साझा की जाएगी।''

पोस्ट में आगे कहा गया, ''फिल्म पूरी तरह से मनोरंजन से भरपूर होगी, जिसमें अभिनेता ध्रुव विक्रम को एक ऐसे रूप में दिखाया जाएगा, जो दर्शकों को काफी पसंद आएगा।''

चेन्नई के एमआरसी नगर स्थित मैत्री मूवी मेकर्स के कार्यालय में फिल्म का शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस मौके पर फिल्म की पूरी टीम के साथ कई फिल्मी हस्तियां भी मौजूद थीं। इस फिल्म का निर्देशन करण अरविंद कुमार कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण नवीन येरनेनी और वाई रवि शंकर कर रहे हैं।

--आईएएनएस

पीके/वीसी

Share this story