Samachar Nama
×

'दस का दम' करने से डर रहे थे सलमान खान, पिता सलीम खान की एक सलाह ने बदल दी जिंदगी

'दस का दम' करने से डर रहे थे सलमान खान, पिता सलीम खान की एक सलाह ने बदल दी जिंदगी
'दस का दम' करने से डर रहे थे सलमान खान, पिता सलीम खान की एक सलाह ने बदल दी जिंदगी

मुंबई, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने अपने टीवी सफर को याद करते हुए बताया कि शो 'दस का दम' उनके करियर के लिए कितना बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ था। उन्होंने अपनी टीवी जर्नी की तुलना दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन से भी की और बताया कि जिस तरह 'कौन बनेगा करोड़पति' ने बिग बी की इमेज को एक नया रंग दिया, उसी तरह 'दस का दम' ने लोगों को सलमान खान का एक अलग रूप दिखाया।

उन्होंने कहा कि इस शो ने ऐसे समय में उनकी छवि बदली, जब उनकी जिंदगी और करियर दोनों ही मुश्किल दौर से गुजर रहे थे।

सलमान खान ने ये बातें 'बिग बॉस 20' के 'वीकेंड का वार' एपिसोड के दौरान कहीं। उन्होंने कहा, ''जब मुझे 'दस का दम' ऑफर हुआ था, उस वक्त मैं अपनी जिंदगी के एक मुश्किल दौर से गुजर रहा था। मेरे खिलाफ लगातार बातें हो रही थीं और मीडिया में भी मुझे काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में मैं खुद इस शो को करने के लिए तैयार नहीं था।''

सलमान ने बताया, ''मैंने इस बारे में अपने पिता सलीम खान से बात की थी। उन्होंने मुझे शो करने की सलाह दी और इसके बाद मैंने 'दस का दम' को होस्ट किया। शो ने धीरे-धीरे दर्शकों के बीच मेरी एक नई पहचान बना दी।''

अमिताभ बच्चन का उदाहरण देते हुए सलमान ने कहा, ''मिस्टर बच्चन के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था। 'कौन बनेगा करोड़पति' करने के बाद अमिताभ बच्चन की लोगों के बीच एक अलग पहचान बन गई थी। जिस दिन उन्होंने 'कौन बनेगा करोड़पति' किया, उस दिन वह लोगों के बीच 'कौन बनेगा करोड़पति अंकल' बन गए।''

सलमान ने कहा, ''मेरे के साथ भी 'दस का दम' के बाद कुछ ऐसा ही हुआ। लोगों ने मेरी फिल्मों के बजाय मुझे इस शो के जरिए याद करना शुरू कर दिया। मैंने 'दस का दम' के दो सीजन किए और इसके बाद मैं लगातार 'बिग बॉस' से जुड़ा रहा। मैं अब तक 17 सीजन में इस रियलिटी शो को होस्ट कर चुका हूं। मेरी इमेज मीडिया में एक एपिसोड में ही साफ हो गई थी। इसके बाद भी जिंदगी में उतार-चढ़ाव आते रहे, लेकिन आपको लोगों को यह दिखाना होता है कि आप असल में कौन हैं।''

सलमान ने आगे कहा, ''अगर उस वक्त मैंने अपने पिता की बात नहीं मानी होती तो शायद 'दस का दम' मेरी जिंदगी का हिस्सा नहीं बनता। उस समय मेरे खिलाफ काफी कुछ लिखा और बोला जा रहा था। हर अखबार और टीवी चैनल मुझे जमकर निशाना बना रहे थे। ऐसे में मैंने अपने पिता से सलाह मांगी थी, जो मेरी जीवन के लिए बेहतर साबित हुई। शो ने मेरी पब्लिक इमेज को बदलने में बड़ी भूमिका निभाई।''

--आईएएनएस

पीके/एएस

Share this story