Samachar Nama
×

साई दुर्गा तेज की 'संबराला येति गट्टू' 12 जनवरी को होगी रिलीज

साई दुर्गा तेज की 'संबराला येति गट्टू' 12 जनवरी को होगी रिलीज
साई दुर्गा तेज की 'संबराला येति गट्टू' 12 जनवरी को होगी रिलीज

हैदराबाद, 15 अगस्त (आईएएनएस)। निर्देशक रोहित केपी की बहुप्रतीक्षित पैन इंडिया फिल्म 'संबराला येति गट्टू' में तेलुगू अभिनेता साई दुर्गा तेज मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म के निर्माताओं ने शनिवार को इसकी रिलीज डेट का ऐलान किया। यह फिल्म अगले साल 12 जनवरी को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

रिलीज डेट की घोषणा वाला पोस्टर अपने एक्स अकाउंट पर साझा करते हुए साई दुर्गा तेज ने लिखा, "लेट्स मीट फॉर संक्रांति..."

फिल्म की टीम ने इसी साल जून में मुंबई शेड्यूल पूरा किया था। सूत्रों के मुताबिक, मुंबई शेड्यूल में बॉलीवुड के एक प्रमुख अभिनेता ने भी हिस्सा लिया था। राष्ट्रीय स्तर के इस कलाकार की मौजूदगी से फिल्म की पहुंच और देशभर के दर्शकों के बीच इसकी अपील बढ़ने की उम्मीद है।

रोहित केपी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण प्राइमशो एंटरटेनमेंट के बैनर तले के. निरंजन रेड्डी और चैतन्य रेड्डी कर रहे हैं। करीब 125 करोड़ रुपये के बजट में बन रही यह फिल्म साई दुर्गा तेज के करियर की सबसे बड़ी परियोजना है।

फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता एक्शन कोरियोग्राफर पीटर हेन ने पिछले साल सितंबर में एक भव्य एक्शन सीक्वेंस को कोरियोग्राफ किया था। सूत्रों का दावा है कि फिल्म में साई दुर्गा तेज का सामना बॉलीवुड के एक सुपरस्टार से होगा, जो दमदार खलनायक की भूमिका में नजर आ सकते हैं। फिल्म के विजुअल अनुभव को बेहतर बनाने के लिए बड़े स्तर पर सीजीआई का काम भी जारी है।

फिल्म में ऐश्वर्या लक्ष्मी मुख्य अभिनेत्री की भूमिका में हैं। इसके अलावा जगपति बाबू, श्रीकांत, साई कुमार, अनन्या नागल्ला और रवि कृष्णा समेत कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

साई दुर्गा तेज पिछले दो वर्षों से इस फिल्म पर पूरी लगन के साथ काम कर रहे हैं और उन्होंने अपनी भूमिका को प्रभावशाली और भावनात्मक बनाने के लिए खास तैयारी की है।

'हनुमान' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म के बाद प्राइमशो एंटरटेनमेंट की यह महत्वाकांक्षी परियोजना मानी जा रही है। 'संबराला येति गट्टू' तेलुगू, तमिल, हिंदी, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी और इसे एक बड़े पैन इंडिया एक्शन ड्रामा के तौर पर पेश किया जा रहा है।

फिल्म की सिनेमैटोग्राफी वेत्री पलानीसामी ने की है, जबकि संगीत अजनिश लोकनाथ ने दिया है। एडिटिंग नवीन विजय कृष्णा और कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग आयशा मरियम ने की है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story