Samachar Nama
×

राज्यसभा चुनाव: मिजोरम में सत्तारूढ़ जेडपीएम ने के लालत्लुआंगकिमा को बनाया उम्मीदवार

आइजोल, 3 जून (आईएएनएस)। मिजोरम में सत्तारूढ़ ज़ोरम पीपल्स मूवमेंट (जेडपीएम) ने 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रवक्ता के. लाल्टलुआंगकिमा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
राज्यसभा चुनाव: मिजोरम में सत्तारूढ़ जेडपीएम ने के लालत्लुआंगकिमा को बनाया उम्मीदवार

आइजोल, 3 जून (आईएएनएस)। मिजोरम में सत्तारूढ़ ज़ोरम पीपल्स मूवमेंट (जेडपीएम) ने 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रवक्ता के. लाल्टलुआंगकिमा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

जेडपीएम के उपाध्यक्ष सी. लालनुनेमा ने बुधवार को संसद के उच्च सदन के लिए होने वाले चुनाव में के. लालत्लुआंगकिमा के नाम की आधिकारिक घोषणा की।

वहीं, मुख्य विपक्षी दल मिज़ो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने अभी तक अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है। मिजोरम विधानसभा में एक-एक सदस्य वाले कांग्रेस और दो विधायकों वाली भाजपा के इस चुनाव में उम्मीदवार उतारने की संभावना कम है।

40 सदस्यीय मिजोरम विधानसभा में फिलहाल जेडपीएम के 27 विधायक हैं, जबकि मुख्य विपक्षी एमएनएफ के पास 10 विधायक हैं। भाजपा के दो और कांग्रेस का एक विधायक है।

एमएनएफ के एक नेता ने बताया कि पार्टी जल्द ही अपने उम्मीदवार की घोषणा कर सकती है। वर्तमान राज्यसभा सांसद के. वनलालवेना का कार्यकाल 19 जुलाई 2026 को समाप्त हो रहा है। वह एमएनएफ से राज्यसभा सदस्य हैं।

देशभर में 24 राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होंगे। इनमें पूर्वोत्तर के चार राज्यों मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की सीटें भी शामिल हैं।

इन चुनावों के तहत कर्नाटक की चार, आंध्र प्रदेश की चार, गुजरात की चार, मध्य प्रदेश की तीन, राजस्थान की तीन, झारखंड की दो तथा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की एक-एक सीट पर मतदान कराया जाएगा।

मणिपुर से राज्यसभा सदस्य महाराजा सनाजोबा लेशेम्बा और मेघालय से राज्यसभा सांसद वानवेरॉय खारलुखी का कार्यकाल 21 जून को समाप्त होगा। वहीं अरुणाचल प्रदेश से राज्यसभा सदस्य नबम रेबिया का कार्यकाल 23 जून को खत्म होगा।

भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनावों के लिए सोमवार को अधिसूचना जारी की थी। यदि चुनाव मुकाबले की स्थिति में पहुंचता है तो 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि मतगणना शाम 5 बजे से शुरू की जाएगी।

नामांकन प्रक्रिया 1 जून से शुरू हो चुकी है। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags