Samachar Nama
×

यूक्रेन में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा में बाधा पर बोले रुबियो, स्टारलिंक और स्टारशील्ड को एक तरह से देखना सही नहीं

यूक्रेन में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा में बाधा पर बोले रुबियो, स्टारलिंक और स्टारशील्ड को एक तरह से देखना सही नहीं
यूक्रेन में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा में बाधा पर बोले रुबियो, स्टारलिंक और स्टारशील्ड को एक तरह से देखना सही नहीं

वाशिंगटन, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस बात से इनकार किया है कि ट्रंप प्रशासन ने जानबूझकर उन सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगाई थी, जिनका इस्तेमाल यूक्रेन अपने ड्रोन चलाने के लिए करता है। हालांकि, उन्होंने यह माना कि यूक्रेन रूस के अंदर दूर तक हमले करने के लिए अमेरिका की एक अलग सैन्य संचार प्रणाली तक पहुंच मांग रहा है।

जॉइंट बेस एंड्रयूज में पत्रकारों से बात करते हुए रुबियो ने स्टारलिंक और स्टारशील्ड के बीच अंतर समझाया। स्टारलिंक, एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की ओर से संचालित एक व्यावसायिक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा है, जबकि स्टारशील्ड इसका सैन्य उपयोग के लिए बनाया गया अलग सिस्टम है।

रुबियो की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब यूक्रेन में इस बात को लेकर चिंता बढ़ रही है कि कुछ प्रतिबंधों की वजह से हाई-स्पीड ड्रोन की सैटेलाइट कनेक्टिविटी प्रभावित हुई है। यूक्रेन युद्ध के मैदान में अभियानों और रूसी हवाई हमलों से बचाव के लिए इन ड्रोन पर काफी हद तक निर्भर है।

उन्होंने कहा, "व्हाइट हाउस में किसी ने भी इंटरनेट की गति कम करने या सेवा को धीमा करने का आदेश नहीं दिया, ताकि कुछ खास ड्रोन इसका इस्तेमाल न कर सकें।"

रुबियो के मुताबिक, जो रुकावट सामने आई थी, वह प्रशासन के आदेश पर नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार सेवा अब पहले जैसी बहाल हो चुकी है। उन्होंने कहा क‍ि ऐसा कुछ हुआ था, लेकिन मेरी जानकारी के मुताबिक सेवा अब पहले की तरह बहाल हो चुकी है। अब यह पहले की तरह काम कर रही है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की पहले भी सैटेलाइट से जुड़े ड्रोन संचालन पर असर डालने वाली पाबंदियों को लेकर चिंता जता चुके हैं, खासकर ऐसे समय में जब रूस लगातार यूक्रेन के बुनियादी ढांचे पर हमले कर रहा है। रुबियो ने इस बात को खारिज किया कि अमेरिका ने जानबूझकर सेवा में कोई दखल दिया हो।

रुबियो ने कहा कि स्टारलिंक और स्टारशील्ड को एक ही तरह से देखना सही नहीं है, क्योंकि दोनों अलग-अलग व्यवस्थाओं के तहत काम करते हैं।

उन्होंने कहा, "स्टारलिंक एक व्यावसायिक सेवा है और उसका संचालन भी उसी तरह किया जाता है। वहीं, स्टारशील्ड एक रक्षा और सैन्य इस्तेमाल वाला उत्पाद है।"

रुबियो के अनुसार, स्टारशील्ड का उपयोग अमेरिकी सेना करती है और यूक्रेन को इसकी पहुंच देने को लेकर बातचीत चल रही है।फिलहाल यूक्रेन को इसकी पहुंच नहीं मिली है और इस पर चर्चा जारी है।

रुबियो ने बताया कि यूक्रेन ने खास तौर पर रूस के अंदरूनी इलाकों में हमले करने के लिए इस सैन्य प्रणाली तक पहुंच मांगी है।

इस बीच, अमेरिका के नौ सीनेटरों के एक द्विदलीय समूह ने रक्षा विभाग के इंस्पेक्टर जनरल से यूक्रेनी बलों की सैटेलाइट संचार सेवाओं में आई रुकावटों की जांच करने की मांग की है।

लॉमेकर्स ने चिंता जताई है कि ऐसी घटनाएं अमेरिकी राजनयिकों, सैन्य कर्मियों और सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों के लिए भी जोखिम पैदा कर सकती हैं। वे यह भी जानना चाहते हैं कि क्या इन प्रतिबंधों को अमेरिकी अधिकारियों की मंजूरी मिली थी या उन्हें पहले से इसकी जानकारी थी।

रुबियो ने फिर दोहराया कि व्हाइट हाउस की भूमिका को लेकर जो खबरें सामने आई हैं, वे गलत हैं। उन्होंने कहा, "मैंने कुछ दिन पहले ऐसी रिपोर्ट देखी थी। यह पूरी तरह गलत है।"

उन्होंने कहा कि प्रशासन की जानकारी के मुताबिक व्यावसायिक सैटेलाइट सेवा सामान्य रूप से फिर से काम कर रही है।

हालांकि, इन अलग-अलग दावों के बीच अब भी कई सवाल बने हुए हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि तकनीकी रुकावट की असली वजह क्या थी, इसका सैन्य अभियानों पर कितना असर पड़ा और क्या सभी प्रभावित सेवाएं पूरी तरह बहाल हो चुकी हैं या नहीं।

--आईएएनएस

एवाई/एएस

Share this story

Tags