एयरपोर्ट हमले में जान गंवाने वाले मोहम्मद यूसुफ अली को रियाद में ही किया जाएगा सुपुर्द-ए-खाक
रियाद, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय दूतावास ने सोमवार को बताया कि वह रियाद एयरपोर्ट पर हुए हालिया हमले में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक मोहम्मद यूसुफ अली के परिवार ने उनकी अंतिम क्रिया रियाद में ही करने का फैसला किया है। दूतावास पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है।
दूतावास ने बताया कि उसके अधिकारियों ने उन अस्पतालों का दौरा किया है, जहां घायल भारतीय नागरिकों का इलाज चल रहा है। पांच लोग आईसीयू में हैं और दो सामान्य वार्ड में हैं, जबकि बाकी लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने कहा, "रियाद एयरपोर्ट पर हमले में जान गंवाने वाले मोहम्मद यूसुफ अली के परिवार ने उन्हें रियाद में ही सुपुर्द ए खाक करने का फैसला किया है। शोक संतप्त परिवार को सभी औपचारिकताओं को पूरा करने सहित हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।"
दूतावास ने कहा, "मिशन के अधिकारियों ने उन अस्पतालों का दौरा किया है, जहां घायल भारतीयों का इलाज चल रहा है। तीन लोग अभी आईसीयू में हैं और दो और लोगों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है, दो सामान्य वार्ड में हैं और बाकी को छुट्टी दे दी गई है। दूतावास उनके परिवार के सदस्यों के साथ लगातार संपर्क में है और हरसंभव सहयोग प्रदान कर रहा है।"
रविवार को सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने रियाद एयरपोर्ट हमले में घायल भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि की थी और मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की थी।
दूतावास ने एक्स पर लिखा था, "हमें जानकारी मिली है कि रियाद हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की आज दुर्भाग्यवश मृत्यु हो गई है। हम मृतक के परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। हम परिवार के संपर्क में हैं और पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द स्वदेश वापस लाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेंगे।"
मोहम्मद यूसुफ अली हैदराबाद के रहने वाले थे। उनके दो बेटे और एक आंटी भी इस हमले में घायल हुए थे। 11 अक्टूबर को भारत ने सऊदी अरब के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमले अस्वीकार्य हैं और शत्रुता को तुरंत समाप्त करने का आह्वान किया।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "हम पिछले कुछ दिनों में रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए बार-बार के हमलों की कड़ी निंदा करते हैं, जिसमें 10 अक्टूबर को हुआ कायराना हमला भी शामिल है, जिसके कारण लोगों की जान गई, लोग घायल हुए और संपत्ति को नुकसान पहुंचा। हम मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"
बयान में कहा गया, "नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर बार-बार होने वाले हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं और इन्हें तुरंत बंद किया जाना चाहिए। हम सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा में वहां की जनता और सरकार के साथ एकजुटता से खड़े हैं, और उम्मीद करते हैं कि क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होगी।"
सऊदी अरब के जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन ने 10 अक्टूबर को कहा कि शनिवार दोपहर किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर किए गए हमले में 12 लोगों की मौत हो गई और 309 अन्य घायल हो गए।
--आईएएनएस
केके/वीसी

