असम: मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशील और जनकेंद्रित पुलिस व्यवस्था मजबूत करने का दिया निर्देश
गुवाहाटी, 17 अगस्त (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को राज्य की कानून व्यवस्था की समीक्षा की और पुलिस अधिकारियों को आधुनिक, संवेदनशील और जनकेंद्रित पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने का निर्देश दिया। उन्होंने अपराधों की रोकथाम और प्रभावी जांच पर विशेष जोर देने को कहा।
मुख्यमंत्री सरमा ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हरमीत सिंह तथा पुलिस और गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में राज्य की समग्र कानून व्यवस्था की स्थिति और पुलिस प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की गई।
बैठक में बाल विवाह और बहुविवाह की रोकथाम, अपराध नियंत्रण की रणनीतियां, होमगार्ड और ग्राम रक्षा दलों से जुड़े सुधार, डायल-112 आपातकालीन सेवा, पुलिस बटालियन से संबंधित परियोजनाएं, पुलिस आवास और पुलिस थानों के अधिकार क्षेत्र के पुनर्गठन जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने जांच प्रक्रिया को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आपराधिक मामलों को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाया जाना चाहिए और समयबद्ध तथा प्रभावी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि अपराधियों को सजा मिल सके और दोषसिद्धि दर में सुधार हो।
यह समीक्षा ऐसे समय में हुई है जब असम में आपराधिक मामलों की जांच की गति को लेकर चिंता जताई जा रही है। राज्य सरकार ने 6 जुलाई को विधानसभा में बताया था कि वर्ष 2016 से अब तक दर्ज लगभग 10 लाख मामलों में से केवल करीब 54 प्रतिशत मामलों में ही आरोपपत्र (चार्जशीट) दाखिल किए गए हैं। वर्ष 2016 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पहली बार राज्य में सत्ता में आई थी।
मुख्यमंत्री सरमा पहले भी कई बार पुलिस व्यवस्था में सुधार, जांच तंत्र को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सुरक्षा सेवाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दे चुके हैं।
इसी बीच, असम के मुख्य सचिव रवि कोटा ने सोमवार को असम राइफल्स (पूर्व) के महानिरीक्षक मेजर जनरल इंदरजीत सिंह भिंडर से मुलाकात की। दोनों के बीच राज्य और पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र की सुरक्षा तथा विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
रवि कोटा के अनुसार, बैठक में नागरिक प्रशासन और सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय, विशेष रूप से सुरक्षा, सीमा प्रबंधन और विकास कार्यों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य सचिव ने पूर्वोत्तर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में असम राइफल्स की भूमिका की सराहना की। उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न समुदायों के साथ असम राइफल्स की निरंतर भागीदारी और योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी

