पाकिस्तान में तीन सिख श्रद्धालुओं के लापता होने की खबर से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश उत्सव के अवसर पर पाकिस्तान गए भारतीय सिख श्रद्धालुओं के जत्थे से तीन लोगों के लापता होने की खबर ने एक बार फिर पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था और तीर्थ यात्रियों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
'खालसा वॉक्स' की रिपोर्ट के अनुसार, सिख श्रद्धालु धार्मिक यात्रा के लिए पाकिस्तान जाते हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पाकिस्तान सरकार की जिम्मेदारी होती है। यह पहली बार नहीं है जब भारत से गए किसी श्रद्धालु के जत्थे से अलग होने की घटना सामने आई हो।
पिछले साल नवंबर में पंजाब के कपूरथला की रहने वाली सरबजीत कौर ऐतिहासिक गुरुद्वारों में मत्था टेकने के लिए पाकिस्तान गई थीं, लेकिन वह जत्थे के साथ भारत नहीं लौटीं। बाद में उन्होंने इस्लाम धर्म अपनाया और इस्लामाबाद में एक पाकिस्तानी नागरिक से शादी कर ली। इस घटना ने धार्मिक यात्रा के लिए जारी किए जाने वाले वीजा के संभावित दुरुपयोग और पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े किए थे।
मौजूदा मामले में इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि कहीं पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों ने इन श्रद्धालुओं से संपर्क तो नहीं किया था। रिपोर्ट में यह सवाल भी उठाया गया है कि क्या किसी बाहरी दबाव या संगठित गतिविधि की वजह से ये तीनों श्रद्धालु सिख जत्थे से अलग हुए।
रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान जाने वाले श्रद्धालुओं के दस्तावेजों की जांच से लेकर उनकी सुरक्षित वापसी तक की पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की जानी चाहिए। इसके अलावा पाकिस्तान जाने वाले धार्मिक जत्थों को भेजने वाले धार्मिक संगठनों, संबंधित सरकारी विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, सिख श्रद्धालुओं की धार्मिक स्वतंत्रता को प्रभावित किए बिना पाकिस्तान में उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत सरकार को इस मुद्दे को गंभीरता से पाकिस्तान सरकार के सामने उठाना चाहिए। साथ ही पाकिस्तान सरकार और 'इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड' को यह स्पष्ट करना चाहिए कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए वे कौन से कदम उठाने जा रहे हैं।
22 नवंबर को 1,822 सिख श्रद्धालुओं का एक जत्था अटारी-वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान रवाना हुआ था। यह जत्था गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर ऐतिहासिक गुरुद्वारों में मत्था टेकने गया था। श्रद्धालुओं को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के कार्यालय से श्रद्धा और उत्साह के साथ विदा किया गया था।
एसजीपीसी के अनुसार, इस धार्मिक यात्रा के लिए 1,828 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट और वीजा आवेदन पाकिस्तान दूतावास को भेजे गए थे। इनमें से 1,822 लोगों को वीजा मिला, जबकि छह लोगों के आवेदन खारिज कर दिए गए।
इस जत्थे का नेतृत्व एसजीपीसी सदस्य बीबी परमिंदर कौर ने किया। प्रतिनिधिमंडल में कार्यकारिणी सदस्य रविंदर सिंह खालसा, एसजीपीसी सदस्य गुरनाम सिंह जस्सल, बीबी गुरिंदर कौर भोलूवाला और महाप्रबंधक लखबीर सिंह भी शामिल थे।
--आईएएनएस
एवाई/वीसी

