Samachar Nama
×

'असम ने खोई एक और सुनहरी आवाज', समर हजारिका के निधन पर भावुक हुए मुख्यमंत्री सरमा

गुवाहाटी, 13 जनवरी (आईएएनएस)। असम के मशहूर गायक समर हजारिका का निधन हो गया। यह दुखद खबर ऐसे समय आई, जब पूरा राज्य पारंपरिक त्योहार 'उरुका' मना रहा था, लेकिन इस पर्व की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं।
'असम ने खोई एक और सुनहरी आवाज', समर हजारिका के निधन पर भावुक हुए मुख्यमंत्री सरमा

गुवाहाटी, 13 जनवरी (आईएएनएस)। असम के मशहूर गायक समर हजारिका का निधन हो गया। यह दुखद खबर ऐसे समय आई, जब पूरा राज्य पारंपरिक त्योहार 'उरुका' मना रहा था, लेकिन इस पर्व की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं।

समर हजारिका सिर्फ एक गायक नहीं थे, बल्कि असम की संगीत परंपरा की एक मजबूत कड़ी थे। वह महान सांस्कृतिक हस्ती और 'सुधाकंठ' के नाम से प्रसिद्ध डॉ. भूपेन हजारिका के छोटे भाई थे और उन्होंने दशकों तक असमिया संगीत को अपनी आवाज से आगे बढ़ाया।

परिवार के अनुसार, समर हजारिका ने गुवाहाटी के निजोरापारा स्थित अपने आवास पर सुबह करीब 8.45 बजे अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। कुछ समय पहले उनका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था, जहां से उन्हें कुछ दिन पहले ही छुट्टी मिली थी।

इलाज के बाद वह घर पर आराम कर रहे थे, लेकिन मंगलवार सुबह उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही राज्य में शोक की लहर दौड़ गई।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गहरा दुख जताते हुए लिखा, ''समर हजारिका के जाने से असम ने अपनी एक और सुनहरी आवाज खो दी है। उनकी मधुर आवाज हर मौके को खास बना देती थी। उन्होंने असम की सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अपने बड़े भाई भूपेन हजारिका की विरासत को पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाया और उनके जन्म शताब्दी समारोह को सफल बनाने में भी सक्रिय योगदान दिया।''

मुख्यमंत्री ने दिवंगत गायक की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी समर हजारिका के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा, ''उरुका जैसे पावन और उल्लासपूर्ण दिन पर इस खबर ने सभी को गहरे दुख में डाल दिया। उनकी भावनाओं से भरी आवाज सीधे लोगों के दिलों तक पहुंचती थी। उनका सांस्कृतिक योगदान लंबे समय तक याद रखा जाएगा।''

--आईएएनएस

पीके/एबीएम

Share this story

Tags