Samachar Nama
×

रिलायंस इंडस्ट्रीज की पहली तिमाही में रेवेन्यू 25 प्रतिशत बढ़कर 3.11 लाख करोड़ रुपए हुई, मुनाफा 20,946 करोड़ रुपए रहा

रिलायंस इंडस्ट्रीज की पहली तिमाही में रेवेन्यू 25 प्रतिशत बढ़कर 3.11 लाख करोड़ रुपए हुई, मुनाफा 20,946 करोड़ रुपए रहा
रिलायंस इंडस्ट्रीज की पहली तिमाही में रेवेन्यू 25 प्रतिशत बढ़कर 3.11 लाख करोड़ रुपए हुई, मुनाफा 20,946 करोड़ रुपए रहा

मुंबई, 17 जुलाई (आईएएनएस)। अरबपति मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने शुक्रवार को चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शानदार कारोबारी प्रदर्शन दर्ज की है। कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़कर 3.11 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया। यह बढ़ोतरी ऑयल-टू-केमिकल्स (ओ2सी), रिलायंस रिटेल और डिजिटल सर्विसेज कारोबार में दोहरे अंकों की मजबूत वृद्धि के कारण हुई।

हालांकि, कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 22 प्रतिशत घटकर 20,946 करोड़ रुपए रहा। इसकी मुख्य वजह पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में एशियन पेंट्स में हिस्सेदारी बेचने से प्राप्त एकमुश्त (वन-टाइम) लाभ इस बार नहीं मिलना रही।

पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में एशियन पेंट्स की हिस्सेदारी बिक्री के कारण कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़कर 26,994 करोड़ रुपए हो गया था।

कंपनी के एक बयान के अनुसार, तिमाही के दौरान ईबीआईटीडीए सालाना आधार पर 10 प्रतिशत बढ़कर 54,067 करोड़ रुपए हो गया।

कंपनी का प्रदर्शन बाजार के अनुमान से बेहतर रहा, जिसकी प्रमुख वजह ऑयल-टू-केमिकल्स (ओ2सी) कारोबार, रिलायंस रिटेल और डिजिटल प्लेटफॉर्म जियो में दोहरे अंकों की मजबूत वृद्धि रही।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा, "रिलायंस ने वित्त वर्ष 2026-27 की मजबूत शुरुआत की है। हमारे सभी कारोबारों ने शानदार परिचालन प्रदर्शन किया है। लगातार भू-राजनीतिक तनाव और कमोडिटी बाजारों में उतार-चढ़ाव के बावजूद हमारे विविध कारोबारी पोर्टफोलियो ने एक बार फिर अपनी मजबूती साबित की है।"

उन्होंने कहा कि डिजिटल सर्विसेज कारोबार ने इस तिमाही में भी अपनी मजबूत विकास गति बनाए रखी। जियो ने मोबिलिटी, होम ब्रॉडबैंड और एंटरप्राइज सर्विसेज में शानदार प्रदर्शन किया, जिससे उसकी आय में सालाना आधार पर 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई। तिमाही के दौरान जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने सेबी (सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया) के पास अपना डीआरएचपी (ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस) दाखिल किया, जो कंपनी की संभावित आईपीओ (पब्लिक लिस्टिंग) की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि रिलायंस रिटेल ने भी इस तिमाही में सभी उपभोक्ता श्रेणियों और बिक्री चैनलों में स्थिर प्रदर्शन के दम पर मजबूत वृद्धि दर्ज की।

कंपनी का एफएमसीजी (फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स) कारोबार भी तेजी से बढ़ रहा है। रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (आरसीपीएल) के ब्रांड भारतीय उपभोक्ताओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं और कंपनी का राजस्व पिछले वर्ष की तुलना में दोगुने से अधिक हो गया है।

मुकेश अंबानी ने कहा, "ओ2सी कारोबार ने इस तिमाही में मजबूत प्रदर्शन किया। इसे मिडिल डिस्टिलेट्स में रिकॉर्ड स्तर के मार्जिन और डाउनस्ट्रीम पेट्रोकेमिकल्स में बेहतर प्रदर्शन का समर्थन मिला। वैश्विक ऊर्जा बाजार में आपूर्ति शृंखला की चुनौतियों के बावजूद हमारी टीमों ने परिचालन में फुर्ती दिखाई और घरेलू बाजार में आवश्यक ईंधन एवं अन्य सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की।"

--आईएएनएस

डीबीपी

Share this story

Tags