शादी से इनकार का खौफनाक बदला: युवती के पिता और भाई का अपहरण, जंजीरों से बांधकर पीटा
तिरुवनंतपुरम, 17 जुलाई (आईएएनएस)। केरल के तिरुवनंतपुरम जिले में शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवती के पिता और भाई का अपहरण कर लिया। दोनों को जंजीरों से बांधकर बेरहमी से पीटा गया और पूरे परिवार को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
यह घटना वर्कला के पास नगरूर इलाके की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान सुधीश के रूप में की है, जो कुम्मिल का रहने वाला है। उसके साथ शमनाद और तीन अन्य आरोपी भी शामिल हैं। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनके मोबाइल फोन बंद हैं।
पुलिस के अनुसार, वडासेरिकोनम निवासी अनिल कुमार को सुधीश ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक निर्माणाधीन मकान में बुलाया। वहां पहुंचते ही उसका अपहरण कर लिया गया और उसे एक साउंडप्रूफ कमरे में जंजीरों से बांधकर बेरहमी से पीटा गया।
इसके बाद अनिल कुमार के बेटे अचु को चाकू की नोक पर वहां बुलाया गया। आरोपियों ने हेलमेट से उसकी भी जमकर पिटाई की।
जांच में सामने आया है कि अनिल कुमार ने अपनी बेटी की शादी मुख्य आरोपी सुधीश से करने से इनकार कर दिया था। इसी रंजिश में आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उन्हें धमकी दी कि यदि शादी नहीं कराई गई तो उनके शरीर पर विस्फोटक बांधकर उड़ा दिया जाएगा। इतना ही नहीं, उन्होंने अनिल कुमार की बेटी की हत्या करने की धमकी भी दी। पुलिस को यह भी आशंका है कि आरोपी अनिल कुमार की पत्नी का भी अपहरण करने की योजना बना चुके थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस सक्रिय हो गई।
हमले में अनिल कुमार का हाथ टूट गया, जबकि अचु की उंगलियों को प्लायर से गंभीर रूप से घायल किया गया।
किसी तरह अचु आरोपियों के चंगुल से भाग निकला और नगरूर पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को मुक्त कराया और इलाज के लिए वर्कला के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने जिस मकान में दोनों को बंधक बनाकर रखा गया था, वहां तलाशी के दौरान देसी बम, एक आग्नेयास्त्र, जंजीरें और कई घातक हथियार बरामद किए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी और बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
तिरुवनंतपुरम जिले के विभिन्न थानों की संयुक्त पुलिस टीम पांचों आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं या नहीं और उनके पास बरामद विस्फोटक व हथियार कहां से आए।
--आईएएनएस
डीएससी

